Site icon Dainik Savera Times

आज PM मोदी का पंजाब दौरा…करेंगे हलवारा एयरपोर्ट का उद्घाटन, डेरा बल्लां में संत निरंजन दास से करेंगे मुलाकात

PM Modi Punjab Visit Today

PM Modi Punjab Visit Today

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पंजाब के जालंधर जिले के दौरे पर पहुंच रहे हैं। बता दें कि गुरु रविदास जी की जयंती के अवसर पर पीएम रविदासिया समाज के प्रमुख धार्मिक स्थल डेरा सचखंड बल्लां में माथा टेकेंगे और संगत के साथ पंगत में लंगर भी छकेंगे।

प्रधानमंत्री दोपहर 3:45 बजे आदमपुर एयरपोर्ट पर उतरेंगे, जहां पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे हेलिकॉप्टर के माध्यम से पठानकोट नेशनल हाईवे पर स्थित डेरा सचखंड बल्लां जाएंगे। पीएम का यहां लगभग 40 मिनट रुकने का कार्यक्रम है।

पंजाब को मिलेंगी दो बड़ी सौगातें

डेरा सचखंड बल्लां से प्रधानमंत्री पंजाब के लिए दो अहम घोषणाएं करेंगे।

आदमपुर एयरपोर्ट का नाम बदलकर श्री गुरु रविदास जी एयरपोर्ट किया जाएगा

लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट में बने नए टर्मिनल का वर्चुअल उद्घाटन किया जाएगा

आदमपुर एयरपोर्ट का नाम गुरु रविदास जी के नाम पर रखने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। वहीं हलवारा एयरपोर्ट का नया टर्मिनल पंजाब के उद्योग, व्यापार और निवेश को गति देने में अहम भूमिका निभाएगा।

गुरु रविदास जयंती पर देंगे समानता और भाईचारे का संदेश

डेरा बल्लां पहुंचकर प्रधानमंत्री गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती पर प्रदेशवासियों को बधाई देंगे। वे डेरे में संतों से आशीर्वाद लेंगे और देशवासियों को गुरु रविदास के समानता, सामाजिक न्याय और भाईचारे के सिद्धांतों का संदेश देंगे। इस दौरान पीएम संगत के साथ कुछ समय भी बिताएंगे।

भाजपा की ओर से लगभग 100 लोगों को पीएम से मुलाकात के लिए आमंत्रित किया गया है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री इस मंच से पंजाब को लेकर पार्टी की सोच और दिशा भी साझा करेंगे।

संत निरंजन दास से निजी मुलाकात

प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान डेरा प्रमुख संत निरंजन दास से अलग से मुलाकात करेंगे। दोनों के बीच करीब 10 मिनट तक बंद कमरे में चर्चा होगी। संत निरंजन दास को हाल ही में केंद्र सरकार ने सामाजिक सेवाओं के लिए पद्मश्री सम्मान देने की घोषणा की है।
पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि पीएम का यह दौरा धार्मिक है और इसे राजनीति से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

भाजपा नेताओं के साथ करेंगे समीक्षा बैठक

धार्मिक और सरकारी कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे। बैठक में प्रदेश की कानून व्यवस्था, किसानों की समस्याएं और मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा होने की संभावना है। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पीएम का यह दौरा संगठन के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

दौरे से पहले राजनीतिक हलचल तेज

पीएम के दौरे को लेकर विभिन्न दलों ने अपनी-अपनी मांगें उठाई हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आदमपुर एयरपोर्ट का नाम गुरु रविदास जी के नाम पर रखने की मांग की

कांग्रेस ने किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी और बाढ़ राहत पैकेज की मांग दोहराई

अकाली दल ने बंदी सिखों की रिहाई और SYL मुद्दे पर ठोस कदम की अपील की

विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने पंजाब को लैंड-बेस्ड ट्रेड हब बनाने की मांग रखी

ये भी पढ़ें: Budget 2026: आज 11 बजे लोकसभा में बजट भाषण पढ़ेंगी FM निर्मला सीतारमण, संवैधानिक और पारंपरिक प्रक्रियाओं में होंगी शामिल

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर जालंधर और आदमपुर क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

सड़क मार्गों और इमारतों की छतों पर निगरानी

सादे कपड़ों में भी पुलिस बल मौजूद

प्रधानमंत्री के आगमन से लेकर वापसी तक पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट रहेगा।

Exit mobile version