Site icon Dainik Savera Times

निहाल सिंह वाला में पुलिस की दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई, दो नशा तस्कर गिरफ्तार

मोगा: जिला मोगा पुलिस की ओर से नशा तस्करी के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत थाना निहाल सिंह वाला पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 35 ग्राम हेरोइन और 35 नशीली गोलियां बरामद की हैं। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहला मामला थाना निहाल सिंह वाला में दर्ज एफआईआर नंबर 300 के तहत एएसआई गुरबिंदर सिंह पुलिस पार्टी के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को एक मुखबिर से विशेष सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव के पास कार्रवाई करते हुए रेशम सिंह उर्फ धूता पुत्र सुखदेव सिंह, निवासी मनूके, जिला मोगा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 20 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

वहीं दूसरा मामला भी 10 नवंबर का है। थाना निहाल सिंह वाला में दर्ज एफआईआर नंबर 302 के अनुसार, एएसआई सुखराज सिंह पुलिस पार्टी के साथ गश्त पर थे गांव घोलिया खुर्द के पास मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुलविंदर सिंह उर्फ जिंदा पुत्र बूटा सिंह, निवासी घोलिया खुर्द को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन और 35 नशीली गोलियां बरामद कीं। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 22 के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे नशीले पदार्थ कहां से लेकर आते थे तथा आगे किन लोगों को सप्लाई करते थे। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

📍 Location: निहाल सिंह वाला

Exit mobile version