लुधियाना : जो इमिग्रेशन सैंटर भोले-भाले पंजाबियों से लाखों रुपए ठग रहे हैं और घूम रहे हैं, उन पर सख्ती की जानी चाहिए। पुलिस प्रशासन नकली वीजा/नकली इमिग्रेशन वालों के खिलाफ शिकायत मिलने के 24 घंटे के अंदर एफआईआर दर्ज करे। पंजाब राज्य और चंडीगढ़ मानवाधिकार आयोग के सदस्य पद्मश्री जतिंदर सिंह शंटी ने रविवार को पीएसपीसीएल के क्लब हाउस में लुधियाना वैस्ट विधानसभा क्षेत्र के तहत ह्यूमन राइट्स प्रोटैक्शन कमेटी द्वारा आयोजित ‘ओपन हियरिंग कैंप मीटिंग्स’ में भाग लेते हुए पुलिस को यह निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस प्रशासन के सीनियर अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि उनके मातहत एसएचओ यह पक्का करें कि पीड़ितों को न्याय दिलाने में कोई ढिलाई न बरती जाए। जतिंदर सिंह शंटी ने कहा कि मानवाधिकार आयोग मानवाधिकारों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और संविधान के अनुसार हर नागरिक के मौलिक अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नवंबर 2026 में ऑफिस संभालने के बाद उन्होंने ह्यूमन राइट्स कमीशन के कामकाज और ह्यूमन राइट्स के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए पंजाब के माझा, मालवा, दोआबा और दूसरे इलाकों में करीब 7000 किलोमीटर का सफर तय किया है। उन्होंने एनजीओज से अपील करते हुए कहा कि उन्हें ह्यूमन राइट्स कमीशन की “आंख और कान” बनकर काम करना चाहिए और समाज में पाई जा रही कमियों को सामने लाने में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने अलग-अलग एनजीओज द्वारा किए जा रहे सामाजिक कामों की भी बहुत तारीफ़ की।
उन्होंने लोगों से ‘युद्ध नशेयां विरूद्ध’ के बैनर तले ड्रग्स के खिलाफ़ एकजुट होने की भी अपील की ताकि पंजाब में बहने वाले छठे दरिया को रोका जा सके। इस मौके एसडीएम कुलदीप बावा, एडीसीपी बैभव सहगल, नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर जसदेव सिंह सेखों, सिविल सर्जन डॉ. हरविंदर सिंह, एचआरएसीपी से हरमनप्रीत सिंह और विभिन्न विभागों के सीनियर अधिकारी भी मौजूद थे।

