Last Updated: September 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

पुलिस ने नशीली गोलियों व हैरोइन के साथ 13 लोगों को किया गिरफ्तार

May 7, 2025

पुलिस ने नशीली गोलियों व हैरोइन के साथ 13 लोगों को किया गिरफ्तार

बठिंडा: जिला पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से भारी मात्र में हैरोइन व नशीली गोलियों के साथ 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों से 93.56 ग्राम हेरोइन और 40 नशीली गोलियां बरामद की हैं। कोतवाली थाना पुलिस ने 13 ग्राम हैरोइन के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। सहायक थानेदार राजीव कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस पार्टी ने सरहिंद नहर ट्रैक के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 7 ग्राम हैरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान खेता सिंह बस्ती वासी बलवंत सिंह के रूप में हुई है। इसी प्रकार, कोतवाली थाने के सहायक थानेदार जसकरण सिंह ने बस स्टैंड में एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 6 ग्राम हैरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान परसराम नगर वासी संदीप कुमार के रूप में हुई है।

एक अन्य मामले में सिविल लाइन पुलिस ने भारी मात्र में हेरोइन के साथ 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। सहायक थानेदार कुलविंदर सिंह ने बताया कि हरपाल नगर में गश्त के दौरान पुलिस पार्टी ने दो संदिग्ध आरोपितों को रोककर उनकी तलाशी ली तो उनके पास से 51.56 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पार्टी ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया, जिनकी पहचान विशाल नगर वासी दीपक कुमार व परसराम नगर वासी अनमोल कोहली के रूप में हुई है। दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। कैनाल कालोनी थाने की पुलिस ने भी हेरोइन के साथ 2 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान नरुआणा रोड वासी तरसेम सिंह व अमरपुरा बस्ती वासी जीत सिंह के रूप में हुई है।

सहायक थाना प्रभारी मनजीत सिंह ने बताया कि आरोपितों से 10 ग्राम हेरोइन बरामद कर उन्हें शहीद उधम सिंह नगर से गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना रामा मंडी की पुलिस ने भी 7 ग्राम हेरोइन के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पहचान गांव बंगी दीपा वासी अवतार सिंह के रूप में हुई है। रामा थाने के सहायक थानेदार परविंदर सिंह ने बताया कि आरोपित को गांव सुखलधी से गिरफ्तार कर लिया गया है। संगत मंडी थाने की पुलिस ने भी हेरोइन के साथ 2 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान कोटगुरु वासी राज करण सिंह और संगत मंडी वासी लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों के पास से 10 ग्राम हेरोइन बरामद की है। एक अन्य मामले में नंदगढ़ पुलिस ने 40 नशीली गोलियों के साथ व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान गांव घुदा वासी मनदीप कुमार के रूप में हुई है।

ये भी पढ़ें- Smartphones Under 20K: Motorola से लेकर Realme तक! बस इतने में मिलेंगे ये धांसू स्मार्टफोन, देखें लिस्ट

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें