नकोदर: थाना सदर नकोदर पुलिस ने एक करोड़ की फिरौती मांगने के आरोप में, एक आरोपी को गिरफ्तार किया है जिसका दूसरा साथी आरोपी कनाडा में रह रहा है। गिरफ्तार आरोपी से पुलिस की पूछताछ जारी है। डी एस पी नकोदर सुखपाल सिंह तथा थाना सदर प्रभारी दिलबाग सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुखदीप सिंह उर्फ सुख, पुत्रa सुच्चा सिंह, निवासी गांव भंडाल दोना, सदर पुलिस स्टेशन, कपूरथला के रूप में हुई है तथा दूसरे आरोपी की पहचान मनवीर सिंह पड्डा, पुत्र करमजीत सिंह, निवासी भिखारीवाल, बटाला, जिला गुरदासपुर, जो इस समय विदेश में कनाडा में रह रहा है के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि 20 अक्तूबर को, एक अनजान व्यक्ति ने नकोदर पुलिस स्टेशन सदर के एरिया में एक व्यक्ति से 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी और पैसे न देने पर उसे और उसके परिवार को गोली मारने की धमकी दी जिसके खिलाफ थाना सदर नकोदर में अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
उपरोक्त मामले को तकनीकी तरीके से पता लगाने के लिए डिप्टी सुपरिंटैंडैंट ऑफ पुलिस, सब-डिवीजन, नकोदर के नेतृत्व में दिलबाग सिंह थाना सदर नकोदर प्रभारी और एएसआई जगतार सिंह की एक विशेष टीम बनाई गई और जांच में आरोपी सुखदीप सिंह उर्फ सुख, पुत्र सुच्चा सिंह, निवासी गांव भंडाल दोना, सदर पुलिस स्टेशन, कपूरथला को गिरफ्तार किया गया जिसका दूसरा साथी मनवीर सिंह पड्डा, पुत्र करमजीत सिंह, निवासी भिखारीवाल, बटाला, जिला गुरदासपुर, इस समय विदेश में कनाडा में रह रहा है। आरोपी सुखदीप सिंह उर्फ सुख का रिमांड लेकर गहराई से पूछताछ की जा रही है जिससे और भी कई अहम खुलासे होने की संभावना है।

