Site icon Dainik Savera Times

अमृतसर में अवैध हथियारों के दो नेटवर्क बेनकाब, 14 पिस्तौलों समेत 6 गिरफ्तार

Police Bust Two Illegal Arms Networks, Arrest Six With 14 Pistols : अमृतसर। कमिश्नरेट पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले दो नेटवर्कों का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 आधुनिक पिस्तौल बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में विदेश में बैठे हैंडलरों और ड्रोन के जरिए हथियारों की सप्लाई के तार जुड़े होने का खुलासा हुआ है।

 

यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान बॉबी सिंह और रविंदर सिंह उर्फ मन्ना, दोनों निवासी गांव तलवंडी शोभा सिंह, तरनतारन; गुरप्रीत सिंह उर्फ प्रीत निवासी गांव खोआला तथा वर्तमान निवासी मैक्स सिटी, जंडपीर कॉलोनी, अमृतसर; कमल निवासी संधू कॉलोनी, अमृतसर; अजय सिंह उर्फ काका निवासी एसमा एस्टेट, अमृतसर और स्वर्ण सिंह निवासी सेक्टर-17, पंचकूला, हरियाणा के रूप में हुई है। बरामद किए गए पिस्तौलों में एक .30 बोर टिसास जिगाना, एक .30 बोर जिगाना ईगल, एक .30 बोर (चीन निर्मित), दो एमएम पिस्तौल, सात .30 बोर पिस्तौल और दो .32 बोर पिस्तौल शामिल हैं।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से विदेशों में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे, जिन्होंने ड्रोन के जरिए अवैध हथियारों की खेप पहुंचाने में सहायता की थी। उन्होंने बताया कि आरोपी कथित तौर पर इन खेपों को प्राप्त करते थे और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों को हथियारों की आपूर्ति करते थे। डीजीपी ने कहा कि अवैध हथियारों की आपूर्ति के बड़े नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए इस मामले के आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने और अन्य सहयोगियों की पहचान करने के उद्देश्य से आगे की जांच जारी है।

ऑपरेशन की जानकारी साझा करते हुए अमृतसर के पुलिस कमिश्नर (सीपी) हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पहले ऑपरेशन में पुलिस टीमों ने पुख्ता सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए छह अवैध पिस्तौलों सहित पांच आरोपियों बॉबी सिंह, रविंदर सिंह उर्फ मन्ना, गुरप्रीत सिंह उर्फ प्रीत, कमल और अजय सिंह उर्फ काका को गिरफ्तार किया है। सीपी ने बताया कि दूसरे ऑपरेशन में पुलिस ने विशेष सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आठ अवैध पिस्तौलों सहित स्वर्ण सिंह को काबू किया है। इस संबंध में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

पहला मामला शस्त्र अधिनियम की धारा 25(6,7,8) के तहत दिनांक 02.11.2026 को एफआईआर नंबर 272, पुलिस थाना छेहरटा में दर्ज किया गया है, जबकि दूसरा मामला शस्त्र अधिनियम की धारा 25(6,7,8) के तहत दिनांक 08.11.2026 को एफआईआर नंबर 207, पुलिस थाना सिविल लाइंस में दर्ज किया गया है।

Exit mobile version