Police Bust Two Smuggling Networks, Arrest Four : अमृतसर। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15 किलोग्राम अफीम, अमेरिका में निर्मित एक संशोधित एम-16 राइफल, नौ अवैध पिस्तौल और 25 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आरोपियों के विदेशी तस्करों से संपर्क होने की बात सामने आई है। मामले में अन्य संदिग्धों की पहचान और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
इसका इस्तेमाल वे आपराधिक गतिविधियों के लिए कर रहे थे। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी विदेशी तस्करों के संपर्क में थे और अवैध हथियार प्राप्त करने में शामिल थे। उन्होंने कहा कि इस मामले के आगे-पीछे के सभी संबंधों का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।
पहले अभियान का विवरण साझा करते हुए पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी), बॉर्डर रेंज, गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना घरिंडा की पुलिस टीम ने मलकीत सिंह और गुरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस टीमों ने उनके कब्जे से 15 किलोग्राम अफीम और अमेरिका में निर्मित एक संशोधित एम-16 राइफल बरामद की।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मलकीत और गुरजीत दोनों के पास भारत-पाकिस्तान सीमा पर लगी कंटीली तार के साथ लगती लगभग 10-15 किल्ले कृषि भूमि है, जिसका इस्तेमाल वे सीमा पार से खेप प्राप्त करने के लिए कर रहे थे। दूसरे अभियान के बारे में आईजीपी ने बताया कि विशेष प्रकोष्ठ की विशेष टीम ने दाना मंडी, लोपोके के निकट अमृतपाल सिंह और सतनाम सिंह को घेरकर मौके पर पांच विदेशी पिस्तौल बरामद किए, जबकि बाद में पूछताछ के दौरान चार और पिस्तौल बरामद किए गए, जिससे कुल बरामदगी नौ पिस्तौल और 25 जिंदा कारतूस हो गई।
अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि बरामद किए गए नौ पिस्तौलों में दो जिगाना, छह .30 बोर और एक .32 बोर पिस्तौल शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी अमृतपाल सिंह के खिलाफ पहले भी थाना छेहरटा में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। एसएसपी ने बताया कि उनके एक अन्य साथी की भी पहचान कर ली गई है और फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं।
इस संबंध में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पहला मामला थाना घरिंडा में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 18-सी और 29 तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 25(8) के तहत एफआईआर नंबर 424, दिनांक 29.09.2026 को दर्ज किया गया है, जबकि दूसरा मामला थाना लोपोके में शस्त्र अधिनियम की धारा 25(8) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत एफआईआर नंबर 310, दिनांक 29.09.2026 को दर्ज किया गया है।

