बटाला (रमेश नोना): कुछ दिन पहले बटाला के रेलवे स्टेशन, आर.आर बावा कालेज और श्री अच्चलेश्वर धाम के बाहर खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लिखने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के 7 व्यक्तियों को बटाला पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस संबंधी पुलिस लाइन बटाला में की गई प्रैस कान्फ्रैंस को संबोधित करते हुए एस.एस.पी बटाला सुहेल कासिम मीर ने कहा कि डी.जी.पी पंजाब गौरव यादव के दिशा निर्देशों के तहत पुलिस द्वारा समाज विरोधी तत्वों के विरुद्ध विशेष मुहिम चलाई जा रही है और राज्य का माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले समाज विरोधी तत्वों को सलाखों के पीछे बंद किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि तिथि 23 सितम्बर की मध्य रात्रि को कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बटाला रेलवे स्टेशन और श्री अच्चलेश्वर धाम मंदिर के बहर खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लिखे गए थे और इसके बाद दोबारा फिर तिथि 30 सितम्बर को आर.आर. बावा कालेज की दीवार पर खाल्तिसान के नारे लिखे गए थे। उन्होंने कहा कि श्री अच्चलेश्वर धाम मंदिर पर खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लिखने के बाद पाबंधीशुदा संगठन एस.एफ.जे के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नु द्वारा सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करके इसकी जिम्मेदारी ली गई थी जिसके संबंध में पुलिस द्वारा थाना रंगड़ नंगल, थाना सिटी बटाला और थाना जी.आर.पी बटाला में अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध विभिन्न मुकद्दमे दर्ज किए गए थे।
एस.एस.पी बटाला ने बताया कि इस मामले की जांच हेतु उनके द्वारा एस.पी इनवैस्टीगेशन बटाला गुरप्रताप सिंह सहोता के नेतृत्व में डी.एस.पी सिटी बटाला संजीव कुमार, डी.एस.पी इनवैस्टीगेशन बटाला, सी.आई.ए स्टाफ बटाला के इंचार्ज सुखराज सिंह और थाना सिटी के प्रमुख सुखजिन्द्र सिंह की टीमों का गठन करके इस वारदात में शामिल व्यक्तियों को टे्रस करने और गिरफ्तार करने हेतु जांच शुरू की गई।
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान बटाला पुलिस की टीम को उस समय बड़ी सफलता मिली जब खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लिखने वाले 7 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि जांच दौरान पकड़े गए व्यक्तियों ने बताया कि अभय प्रताप सिंह उर्फ राजा हरूवाल जो आरमीनिया देश गया है और उसके कहने पर उन्होंने बटाला रेलवे स्टेशन, श्री अच्चलेश्वर धाम मंदिर और आर.आर बावा कालेज के बाहर दीवार पर खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लिखे थे। उन्होंने कहा कि राजा हरूवाल ने इस काम के उनको करीब 14 हजार रुपए दिए थे, जिससे उन्होंने राजा हरूवाल के कहने पर पेंट खरीदा जिससे उन्होंने खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लिखे थे।
एस.एस.पी बटाला ने बताया कि राजा हरूवाल बी.के.आई व पाबंधीशुदा संगठन एस.जे.एफ का सदस्य है और इनके कहने पर पंजाब में अपने साथियों से काम करवाता है। उन्होंने कहा कि पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान आशु मसीह पुत्र जेम्स मसीह निवासी दुंबीवाल, हरप्रीत सिंह उर्फ काका पुत्र कुलवंत सिंह निवासी मसानिया, रिंकू पुत्र बलदेव मसीह निवासी दुलानंगल, जॉर्ज उर्फ मनी पुत्र सुच्चा सिंह निवासी चक्क दीपेवाल, विक्की पुत्र सुच्चा सिंह निवासी दीपेवाल, शमशेर सिंह उर्फ शेरा पुत्र बलजीत सिंह निवासी मूलियांवाल, सौरव पुत्र कुलवंत सिंह निवासी गौंसपुरा के रूप में हुई।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस केस में तीन और व्यक्तियों को नामजद किया है जिसमें रोहित सिंह निवासी मसानिया, अभय प्रताप सिंह उर्फ राजा हरूवाल निवासी हरूवाल और पाबंदीशुदा संगठन एस.जे.एफ का प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू को भी नामजद किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने पकड़े गए व्यक्तियों से एक मोटर साइकिल भी बरामद किया है। इस अवसर पर उनके साथ एस.पी डी गुरप्रताप सिंह सहोता, डी.एस.पी सिटी संजीव कुमार, डी.एस.पी डी जसपाल सिंह, सी.आई.ए स्टाफ इंचार्ज सुखराज सिंह, एस.एच.ओ सिटी सुखजिन्द्र सिंह आदि उपस्थित थे।
ये भी पढ़ें: राजकोषीय निधियों की व्यवस्था नई ऊँचाई पर पहुँची: चीन के वित्त मंत्री

