जालंधर: शहर में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर देर रात सड़कों पर उतरे। इस दौरान उन्होंने शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर सुरक्षा प्रबंधों और नाकाबंदी व्यवस्था का जायजा लिया। उनके साथ पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस कमिश्नर ने अलग-अलग स्थानों पर लगाए गए नाकों पर पहुंचकर ड्यूटी पर तैनात पुलिस मुलाजिमों से बातचीत की और उन्हें पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि उनके साथ डीसीपी सिटी आदित्य वारियर, डीसीपी स्पेशल ब्रांच मनप्रीत और डीसीपी सेंट्रल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। टीम ने भगवान वाल्मीकि चौक समेत शहर के विभिन्न हिस्सों का दौरा किया। उन्होंने नाकों पर तैनात पुलिस फोर्स को ब्रीफ किया और उनका हौसला बढ़ाया। पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि आम लोगों में सुरक्षा और विश्वास की भावना पैदा करना भी है। लोगों को यह महसूस होना चाहिए कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर हर मुलाजिम तक उनकी सुरक्षा के लिए सड़कों पर मुस्तैद है।
इससे पहले पुलिस कमिश्नर ने सीआईए स्टाफ के मुलाजिमों के साथ भी बैठक की थी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपराध पर अंकुश लगाने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता से काम करने के लिए प्रेरित किया।
📍 Location: जालंधर सेंट्रल भगवान वाल्मीकि चौक (जालंधर)

