Site icon Dainik Savera Times

श्री देवी तालाब मंदिर विवाद : पुलिस कमिश्नर का सख्त संदेश ‘किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा’

जालंधर : श्री देवी तालाब मंदिर में पिछले रविवार शुकराना यात्रा के दौरान दो गुटों के बीच हुए विवाद ने श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचाई और पूरे शहर में चिंता का माहौल पैदा कर दिया। घटना के बाद पुलिस कार्रवाई को लेकर कई तरह के सवाल उठे, लेकिन अब पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि इस मामले में कानून अपना काम कर रहा है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

 

सवाल : क्या पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है?
पुलिस कमिश्नर : बिल्कुल। यह केवल दो पक्षों के बीच विवाद का मामला नहीं है, बल्कि एक धार्मिक स्थल पर हुई घटना है, जिससे लोगों की आस्था प्रभावित हुई। इसलिए पुलिस पूरी गंभीरता और निष्पक्षता के साथ जांच कर रही है। जो भी व्यक्ति कानून का उल्लंघन करता पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

सवाल : क्या किसी आरोपी की गिरफ्तारी हुई है?
पुलिस कमिश्नर : फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है क्योंकि सभी आरोपी अपने घरों से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस की टीमें विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

सवाल : जनता और श्रद्धालुओं को क्या संदेश देना चाहेंगे?
पुलिस कमिश्नर : जालंधर पुलिस सभी श्रद्धालुओं को विश्वास दिलाती है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी धार्मिक स्थल की गरिमा भंग करने या समाज में तनाव फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आम जनता से भी अपील है कि अफवाहों से बचें और शांति एवं भाईचारा बनाए रखें।

Exit mobile version