Site icon Dainik Savera Times

मोगा में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, पांच मामलों में छह आरोपी गिरफ्तार

मोगा: मोगा जिले में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पांच मामले दर्ज कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की ओर से की गई इन कार्रवाइयों के दौरान कुल 124 ग्राम हेरोइन और 4300 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। पुलिस ने सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किए हैं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सिटी मोगा की पुलिस ने गश्त के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नवजोत सिंह उर्फ रवि निवासी लंडेके को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन बरामद की। इसी तरह थाना समालसर की पुलिस ने गांव भलूर के बाहरी इलाके में गश्त के दौरान मिली सूचना के आधार पर गुरप्रीत सिंह उर्फ निक्का निवासी गांव भलूर को गिरफ्तार किया। उसके पास से सात ग्राम हेरोइन बरामद होने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

सिटी साउथ पुलिस ने 70 ग्राम हेरोइन और ड्रग मनी पकड़ी

थाना सिटी साउथ मोगा की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संदीप सिंह उर्फ हरमन और ओंकार सिंह उर्फ हैप्पी, दोनों निवासी साधांवाली बस्ती मोगा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 70 ग्राम हेरोइन और 4300 रुपये की भारतीय करंसी बरामद की गई। इस मामले में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा थाना सिटी साउथ मोगा की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ममपाल सिंह उर्फ मम्मू निवासी फतेहगढ़ कोरोटाना, हाल निवासी गांव सिघांवाला, जिला मोगा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन बरामद की।

अजितवाल पुलिस ने 17 ग्राम हेरोइन सहित आरोपी पकड़ा

थाना अजितवाल की पुलिस ने गांव चूहड़ चक्क के इलाके में गश्त के दौरान कार्रवाई करते हुए प्रगट सिंह उर्फ जॉनी निवासी अजितवाल को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 17 ग्राम हेरोइन बरामद की। पुलिस ने सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिए हैं। आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version