Site icon Dainik Savera Times

नशे पर पुलिस की कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार; 54 ग्राम हेरोइन बरामद

Police Crack Down on Drug Trafficking : मोगा। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोगा पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 54 ग्राम हेरोइन बरामद की। तीनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर पुलिस ने बरामद नशे के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क को लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने तीनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर बरामद हेरोइन के स्रोत और इसकी सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। बाघापुराना पुलिस ने 7 ग्राम हेरोइन पकड़ी थाना बाघापुराना पुलिस के सहायक थानेदार हरजीत सिंह पुलिस पार्टी के साथ गांव फुलेवाला के बाहरी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान पुलिस को एक व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में मुखबिर से सूचना मिली।

पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 7 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान गगनदीप शर्मा उर्फ गग्गी पुत्र सुखराम शर्मा निवासी गांव फुलेवाला के रूप में हुई। पुलिस ने उसे मौके पर गिरफ्तार कर थाना बाघापुराना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-61-85 के तहत मामला दर्ज किया। कोटईसे खां में 32 ग्राम हेरोइन बरामद इसी तरह थाना कोटईसे खां पुलिस ने गांव मिहल के बाहरी क्षेत्र में रात की गश्त के दौरान एक युवक को काबू कर उसके कब्जे से 32 ग्राम हेरोइन बरामद की।

सहायक थानेदार जगमोहन सिंह पुलिस पार्टी के साथ गश्त पर थे। इस दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। आरोपी की पहचान गुरविंदर सिंह पुत्र निर्मल सिंह निवासी धर्मकोट रोड, कोटईसे खां के रूप में हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-61-85 के तहत केस दर्ज किया है। फतेहगढ़ पंजतूर में 15 ग्राम हेरोइन पकड़ी थाना फतेहगढ़ पंजतूर पुलिस के सहायक थानेदार दर्शन सिंह पुलिस पार्टी के साथ गश्त कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर दाना मंडी खंभे के बाहरी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक व्यक्ति को काबू किया।

तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान धर्म सिंह उर्फ धर्मा पुत्र बलजीत सिंह निवासी फतेहपुर कन्नियां, जिला मोगा के रूप में हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-61-85 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में नशे की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार गश्त और मुखबिर तंत्र के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version