Police crack down on traffic rule violators : मोगा। ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान तेज कर दिया है। अकालसर रोड पर विशेष चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच के साथ नियम तोड़ने वालों के चालान किए गए और कई वाहनों को जब्त किया गया। मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने, मॉडिफाइड वाहनों और तेज आवाज वाली बुलेट मोटरसाइकिलों पर पुलिस की खास नजर है।
इसी अभियान के तहत अकालसर रोड पर पुलिस ने पैदल मार्च करते हुए संदिग्ध वाहनों की जांच की और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस अधिकारी खेम चंद पराशर ने बताया कि चेकिंग के दौरान वाहनों के जरूरी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इसके साथ ही लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए लगातार जागरूक भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद जो लोग नियमों का उल्लंघन करते हैं, उनके चालान किए जा रहे हैं और जरूरत पड़ने पर वाहनों को जब्त भी किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ भी चालान किए जा रहे हैं। इसके अलावा नियमों के विपरीत मॉडिफाइड किए गए वाहनों पर भी पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है। विशेष रूप से मॉडिफाइड बुलेट मोटरसाइकिलों से पटाखे जैसी तेज आवाज निकालकर ध्वनि प्रदूषण करने वालों को भी बख्शा नहीं जा रहा। पुलिस ने नाबालिग बच्चों की ओर से वाहन चलाने के मामलों को भी गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारी के अनुसार चेकिंग अभियान के दौरान अब तक करीब 27 चालान किए जा चुके हैं, जबकि करीब 4 वाहनों को जब्त किया है।पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। अधिकारी ने कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन करके सड़क हादसों को काफी हद तक कम किया जा सकता है। अपनी जान के साथ-साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी ट्रैफिक नियमों का पालन करना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।