पुलिस ने गुरु रामदास नगर, मोगा निवासी दलजीत सिंह उर्फ सिकंदर के नाम पर दर्ज एक संपत्ति को फ्रीज किया है। पुलिस के अनुसार इस संपत्ति की दर्ज कीमत करीब 73 लाख 60 हजार रुपये है। यह कार्रवाई एसएसपी मोगा सारताज सिंह चहल, आईपीएस के दिशा-निर्देशों के तहत की गई। कार्रवाई में एसपी (डी) अजय राज सिंह, डीएसपी सिटी गुरप्रीत सिंह तथा थाना सिटी-1 के एसएचओ गुरविंदर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने प्रक्रिया पूरी की। पुलिस के अनुसार संबंधित मामले में वित्तीय जांच के आधार पर संपत्ति की पहचान की गई थी।
थाना सिटी-1 की ओर से आवश्यक केस तैयार कर उसे Competent Authority & Administrator, SAFEM(FOP)A & NDPSA, New Delhi के समक्ष भेजा गया था। पुलिस की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के मुताबिक यह प्रस्ताव 10 अक्टूबर 2026 को संबंधित अथॉरिटी को भेजा गया था। इसके बाद सक्षम प्राधिकारी की ओर से संपत्ति को फ्रीज करने संबंधी आदेश की पुष्टि की गई। आदेश के तहत सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना उक्त संपत्ति को बेचने, ट्रांसफर करने अथवा किसी अन्य तरीके से इसका लेन-देन करने पर रोक रहेगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आज संबंधित संपत्ति के संबंध में नोटिस की कार्रवाई भी अमल में लाई गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी अलग-अलग धाराओं के तहत 18 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी से जुड़े मामलों में अवैध तरीके से अर्जित की गई संपत्तियों और धन की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। मोगा पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी के नेटवर्क पर कार्रवाई के साथ-साथ नशे के कारोबार से कथित रूप से अर्जित संपत्ति पर भी कानूनी शिकंजा कसा जा रहा है।

