Last Updated: November 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

पराली जलाने से होने वाले नुकसान बताए, किसानों को किया जागरूक

November 11, 2026

पराली जलाने से होने वाले नुकसान बताए, किसानों को किया जागरूक

Police Reach Farmers to Prevent Stubble Burning : मोगा। पराली जलाने से वायु प्रदूषण, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और मिट्टी की उर्वरता पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को देखते हुए जिला पुलिस ने किसानों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत थाना चड़िक के एसआई पूर्ण सिंह ने गांव मल्लियां वाला में खेतों में पहुंचकर किसानों से संवाद किया और उन्हें पराली न जलाने तथा आधुनिक कृषि मशीनरी से इसके उचित प्रबंधन के लिए प्रेरित किया।

 

इसी अभियान के तहत थाना चड़िक के मुख्य अधिकारी एसआई पूर्ण सिंह ने गांव मल्लियां वाला में खेतों में पहुंचकर किसानों से सीधा संवाद किया। उन्होंने किसानों को धान की पराली न जलाने के लिए प्रेरित करते हुए इसके दुष्प्रभावों और पराली के उचित प्रबंधन के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान एसआई पूर्ण सिंह ने किसानों को समझाया कि धान की पराली को आग लगाने से केवल वातावरण ही प्रदूषित नहीं होता, बल्कि इसका सीधा असर आम लोगों के स्वास्थ्य, खेती और प्राकृतिक संसाधनों पर भी पड़ता है। पराली जलाने से उठने वाला जहरीला धुआं हवा में घुलकर वायु गुणवत्ता को खराब करता है, जिससे सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को प्रदूषित हवा के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि खेतों में पराली जलाने से सड़कों पर धुएं की मोटी परत छा जाती है, जिससे वाहन चालकों को सामने देखने में परेशानी होती है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसके अलावा आग लगाने से जमीन में मौजूद मित्र कीट, सूक्ष्म जीव और फसल के अवशेषों से मिलने वाले महत्वपूर्ण पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं। इससे मिट्टी की प्राकृतिक उर्वरता और गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। एसआई पूर्ण सिंह ने किसानों को माननीय सुप्रीम कोर्ट और कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (सीएक्यूएम) की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के बारे में भी जागरूक किया।

उन्होंने कहा कि पराली जलाने की समस्या से निपटने के लिए किसानों का सहयोग बेहद जरूरी है। किसान पराली को आग लगाने के बजाय आधुनिक कृषि मशीनरी का इस्तेमाल करें। पंजाब सरकार की ओर से उपलब्ध करवाई जा रही सुपर सीडर, हैप्पी सीडर और बेलर जैसी मशीनों के माध्यम से पराली का उचित प्रबंधन किया जा सकता है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पर्यावरण को स्वच्छ रखने और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए पराली न जलाने का संकल्प लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला पुलिस की ओर से पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है।

खेतों में जाकर किसानों को जागरूक करने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लागू कानूनी प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई भी की जा रही है। एसआई पूर्ण सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और किसान की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसानों के सहयोग से ही पराली जलाने की समस्या पर प्रभावी ढंग से रोक लगाई जा सकती है और स्वच्छ हवा तथा स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें