अमृतसर/जंडियाला गुरु: हाल ही में जंडियाला गुरु क्षेत्र में एक युवक का शव मिलने से फैली सनसनी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए, इसे हत्या का मामला बताया है। इस संबंध में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें मुख्य आरोपी के साथ उसका पिता भी शामिल है। दोनों के खिलाफ हत्या की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी देते हुए जंडियाला गुरु के डीएसपी रविंदर पाल सिंह ने बताया कि 16 तारीख को रोहित नामक युवक घर से पेंट का काम करने के लिए निकला था।
दोपहर लगभग 12 बजे के बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन सुबह पुलिस को सूआ नया बाईपास के पास एक शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान रोहित के रूप में करवाई थी। शुरु आत में मामले को आत्महत्या माना जा रहा था, लेकिन परिजनों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू की गई। पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर तकनीकी साक्षयों तथा सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान सामने आया कि गांव का ही निवासी मिलियन नामक युवक, रोहित को अपने घर बुलाकर ले गया था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ने कोल्ड ड्रिंक में 8 नशीली कैप्सूल मिलाकर रोहित को पिला दीं। जब वह बेहोश हो गया तो उसका गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद शव को पहले घर में छिपाया गया और देर रात आरोपी ने अपने पिता की मदद से मोटरसाइकिल पर शव को ले जाकर सूए में फैंक दिया। मोबाइल फोन को भी नष्ट करने की कोशिश की गई ताकि सबूत मिटाए जा सकें। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

