Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

चालान नहीं, गुलाब देकर मोगा पुलिस ने दिया सुरक्षित दिवाली का संदेश

November 6, 2026

चालान नहीं, गुलाब देकर मोगा पुलिस ने दिया सुरक्षित दिवाली का संदेश

Police Spreads Road Safety Message with Roses : मोगा। दिवाली के मौके पर पुलिस का अनूठा अंदाज देखने को मिला। मुख्य बाजार में वाहन चालकों को रोककर चालान काटने के बजाय हेलमेट, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट और पूरे दस्तावेज रखने वालों को गुलाब के फूल भेंट किए गए। एसएसपी सरताज सिंह चाहल के निर्देशों पर चलाए गए इस अभियान में पुलिस ने प्यार और समझाइश से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने तथा ग्रीन दिवाली मनाने के लिए प्रेरित किया।

यहां पुलिस ने वाहन चालकों को रोककर उनके चालान काटने के बजाय उन्हें गुलाब के फूल भेंट किए और ग्रीन दिवाली मनाने का संदेश दिया। पुलिस की इस अनूठी पहल ने लोगों के चेहरों पर मुस्कान ला दी। इस दौरान पुलिस कर्मचारियों ने वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया। मोगा पुलिस की ओर से मुख्य बाजार में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पीसीआर टीम के कर्मचारियों ने वाहन चालकों को रोककर उनसे बातचीत की और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

जिन वाहन चालकों ने हेलमेट पहना हुआ था, वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगी हुई थी तथा जिनके वाहन के जरूरी दस्तावेज पूरे थे, उन्हें गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया। वहीं, नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों को भी चालान करने के बजाय प्यार से समझाया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए पीसीआर इंचार्ज खेम चंद परासर ने बताया कि यह विशेष अभियान एसएसपी सरताज सिंह चाहल के दिशा-निर्देशों के तहत चलाया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से पेट्रोलिंग के साथ-साथ संदिग्ध वाहनों की चेकिंग भी की जा रही है।

इसके साथ ही मोगा के लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए यह अनूठी पहल की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को अपनी सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाना भी है। कई बार चालान करने के बावजूद लोग यातायात नियमों की अनदेखी करते हैं। ऐसे में प्यार और सम्मान के माध्यम से लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। खेम चंद परासर ने लोगों से अपील की कि दिवाली का त्योहार सावधानी और सुरक्षित तरीके से मनाएं। पटाखे चलाते समय बच्चों का विशेष ध्यान रखें और उन्हें बड़े तथा खतरनाक पटाखों से दूर रखें।

अधिक से अधिक मिट्टी के दीये जलाकर ग्रीन दिवाली मनाएं तथा अनावश्यक पटाखे चलाने से परहेज करें। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाएं और अपने वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखें। इस दौरान पुलिस के इस प्रयास की वाहन चालकों ने भी जमकर सराहना की। एक वाहन चालक ने कहा कि जब पुलिस ने उन्हें रोका तो पहले मन में चालान कटने का डर पैदा हुआ, लेकिन जब पुलिस कर्मचारियों ने गुलाब का फूल देकर दिवाली की शुभकामनाएं दीं तो उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस का यह व्यवहार लोगों और पुलिस के बीच विश्वास बढ़ाने वाला है।

अन्य लोगों ने भी कहा कि उन्होंने पहली बार पुलिस को इस तरह प्यार और सम्मान के साथ यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते देखा है। मोगा पुलिस की इस पहल से यह संदेश दिया गया कि कानून का पालन करवाने के लिए सख्ती के साथ-साथ प्यार और समझाइश भी जरूरी है। पुलिस की इस मुहिम ने दिवाली के मौके पर लोगों को सुरक्षित यातायात और पर्यावरण संरक्षण का दोहरा संदेश दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें