बठिंडा: जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को जहां जनता का समर्थन मिल रहा है, वहीं अब तस्कर पुलिस टीम पर हमला भी कर रहे हैं। मंगलवार देर शाम नशा तस्करों ने एसटीएफ और तलवंडी साबो थाने की पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया, जिसमें दो एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए। नशा तस्करों ने एएसआई मेजर सिंह को वाहन से कुचलने का भी प्रयास किया, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। सीनियर कांस्टेबल एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स बठिंडा के बयानों के आधार पर थाना तलवंडी साबो की पुलिस ने तलवंडी साबो जशनप्रीत सिंह व हरप्रीत सिंह के अलावा हरियाणा के बस्सी सिंहपुरा के गुरप्यार सिंह व जस्सा सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपित जशनप्रीत व हरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हरियाणा वासी दो आरोपितों की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को गोपनीय सूचना मिली थी कि कुछ आरोपित कार में सवार होकर नशले पदार्थ की तस्करी में संलिप्त हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि सिंहपुरा और त्योना पुजारिया रोड पर दो कारों में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। इसके बाद एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और तलवंडी साबो पुलिस ने सिंघपुरा रोड पर नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान हरियाणा की तरफ से एक कार आती दिखाई दी तो सहायक थाना प्रभारी मेजर सिंह ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपितों ने उनको कार से कुचलने का प्रयास किया, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। वरिष्ठ कांस्टेबल ने बताया कि इस दौरान आरोपितों ने अपना वाहन रोककर बाहर निकलकर ईंटें बरसानी शुरू कर दीं, जिससे दो पुलिस एएसआई घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपितों के पास हथियार भी थे।
तलवंडी साबो के सहायक थानेदार गुरचरण सिंह ने बताया कि चारों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने जशनप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हरियाणा वासी गुरप्यार सिंह और जस्सा सिंह की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले सीआईए स्टाफ दो की टीम पर भी लुटेरों ने हमला किया था। इसमें सीआईए स्टाफ टू के सहायक थानेदार सुखप्रीत सिंह के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लुटेरों को घायल कर गिरफ्तार कर लिया।

