
मोगा: पंजाब के मोगा जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने चार कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 39 ग्राम हेरोइन बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई थाना सदर मोगा के अंतर्गत पुलिस चौकी दौलतपुरा नीवां की टीम ने की। चौकी इंचार्ज एएसआई चरनजीत सिंह पुलिस पार्टी के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने रवि सिंह उर्फ कालू पुत्र जसविंदर सिंह निवासी गांव सलीणा, जिला मोगा को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 20 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
दूसरी कार्रवाई थाना समालसर पुलिस की ओर से गांव भलूर में की गई। एएसआई सतवंत सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली विशेष सूचना के आधार पर पुलिस ने जगतार सिंह पुत्र सुखदेव सिंह और प्रगट सिंह पुत्र हुकम चंद, दोनों निवासी गांव पंजगराई कलां, जिला फरीदकोट को काबू किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 9 ग्राम हेरोइन बरामद की।
वहीं, तीसरी कार्रवाई थाना धर्मकोट पुलिस ने की। थाना प्रभारी वीरपाल कौर के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव नूरपुर हकीमां के क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शिंदो कौर पत्नी अवतार सिंह निवासी गांव नूरपुर हकीमां को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
तीन मामलों में कुल 39 ग्राम हेरोइन बरामद
मोगा पुलिस की तीनों कार्रवाइयों में एक ही दिन में चार आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। इनमें रवि सिंह से 20 ग्राम, जगतार सिंह और प्रगट सिंह से संयुक्त रूप से 9 ग्राम तथा शिंदो कौर से 10 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार गश्त की जा रही है। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।