Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा, 58 गिरफ्तार

September 5, 2026

मोगा पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा, 58 गिरफ्तार

Police tighten the noose on drug smugglers : मोगा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मोगा पुलिस ने 29 अगस्त से 4 सितंबर तक बड़ी कार्रवाई करते हुए 39 मामले दर्ज कर 58 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से 395 ग्राम हेरोइन, 40 किलो चूरा-पोस्त, 1579 नशीली गोलियां और भारी मात्रा में शराब बरामद की। एसएसपी सरताज सिंह चहल ने कहा कि ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ और ‘पिंडां दे पहरेदार’ अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

एसएसपी मोगा सरताज सिंह चहल आईपीएस ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ और ‘पिंडां दे पहरेदार’ अभियान के तहत पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 35 मामले दर्ज कर 54 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनसे 395 ग्राम हेरोइन, 40 किलो चूरा-पोस्त और 1579 नशीली गोलियां बरामद की गईं। इसके अलावा एक वाहन भी कब्जे में लिया गया। उन्होंने बताया कि शराब का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई।

पुलिस ने तीन मामले दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से 18.750 लीटर ठेका शराब और 51.750 लीटर अवैध शराब बरामद की। पुलिस ने मादक पदार्थों के अलावा अपराधियों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रखते हुए एक मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक पिस्तौल, एक मैगजीन, छह कारतूस और एक कार बरामद की गई। इस अवधि में तीन भगोड़ों को भी गिरफ्तार किया गया। वहीं, लूट और चोरी की वारदातों में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर दो मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस द्वारा ‘ड्रग हॉट स्पॉट’ क्षेत्रों में विशेष तलाशी अभियान चलाकर चार सीएएसओ ऑपरेशन किए गए।

इन अभियानों के दौरान सात मामले दर्ज कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा 55 ग्राम हेरोइन, 40 किलो चूरा-पोस्त और 562 नशीली गोलियां बरामद की गईं। एसएसपी ने आम लोगों से अपील की कि वे नशे के कारोबार में शामिल व्यक्तियों की जानकारी पुलिस को दें। पुलिस द्वारा पंचायतों, स्पोर्ट्स क्लबों और गणमान्य लोगों के साथ बैठकें कर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न गांवों व शहरों में 32 सेमिनार और बैठकें आयोजित कर युवाओं को नशे से दूर रहने तथा नशा तस्करों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने कहा कि नशे के खिलाफ जंग लगातार जारी रहेगी और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें