Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

SIR अभियान के तहत तरनतारन के सभी पोलिंग बूथों पर लगे विशेष शिविर

July 19, 2026

SIR अभियान के तहत तरनतारन के सभी पोलिंग बूथों पर लगे विशेष शिविर

तरनतारन: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत आज,रविवार को तरनतारन जिले के सभी पोलिंग बूथों पर विशेष शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों का उद्देश्य पात्र मतदाताओं से गणना फॉर्म एकत्र करना, दस्तावेजों का सत्यापन करना और मतदाता सूची के डिजिटलीकरण की प्रक्रिया को तेज करना रहा। शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी प्रक्रिया पूरी करवाई।

सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक चली प्रक्रिया

जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल ने बताया कि विशेष शिविर सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित किए गए। इस दौरान प्रत्येक पोलिंग बूथ पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहे और मतदाताओं को गणना फॉर्म भरने, आवश्यक दस्तावेज जमा कराने तथा डिजिटलीकरण से जुड़ी हर प्रकार की सहायता उपलब्ध कराई गई।

फॉर्म जमा करने और डिजिटलीकरण पर रहा विशेष जोर

अभियान के दौरान बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं ने अपने गणना फॉर्म जमा कराए। जिन बूथों पर डिजिटलीकरण का कार्य लंबित था, वहां इस प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया गया। वहीं अन्य बूथों पर दस्तावेजों की जांच, त्रुटियों के सुधार और रिकॉर्ड अपडेट करने का कार्य जारी रहा।

जागरूकता अभियान का दिखा सकारात्मक असर

जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न माध्यमों से चलाए गए जागरूकता अभियान का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला। इसके अलावा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) ने भी मतदाताओं को शिविरों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया, जिससे लोगों की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

अधिकारियों और कर्मचारियों ने निभाई सक्रिय भूमिका

जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) ने अभियान की निगरानी की। उनके साथ सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ), नोडल अधिकारी, सेक्टर सुपरवाइजर, बीएलओ और अन्य संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शिविरों को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी विभागों और कर्मचारियों के सहयोग की सराहना की।

3 अगस्त तक जारी रहेगा घर-घर सर्वे

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार एसआईआर अभियान के तहत घर-घर सर्वेक्षण और गणना फॉर्म एकत्र करने का कार्य 3 अगस्त 2026 तक जारी रहेगा। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि जिन्होंने अभी तक अपना गणना फॉर्म जमा नहीं कराया है, वे जल्द से जल्द अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर प्रक्रिया पूरी करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें