Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

खुद को CBI अधिकारी बताकर देते थे सरकारी नौकरी दिलवाने का झांसा, 2 सगे भाइयों सहित महिला गिरफ्तार

February 21, 2026

खुद को CBI अधिकारी बताकर देते थे सरकारी नौकरी दिलवाने का झांसा, 2 सगे भाइयों सहित महिला गिरफ्तार

पटियाला: अपने आप को सीबीआई और केंद्रीय गृह मंत्रालय का वरिष्ठ अधिकारी बताकर लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देने वाले गिरोह का पटियाला पुलिस ने पदार्फाश किया है। पटियाला सदर थाना पुलिस ने दो सगे भाइयों और एक महिला को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। डीएसपी ग्रामीण हरसिमरन सिंह गोदारा ने बताया कि समाना निवासी गुरसेवक सिंह, उसकी पत्नी अमनजोत कौर और गुरभेज सिंह को होशियारपुर से काबू किया गया।

मुख्य आरोपी गुरसेवक सिंह खुद को कभी एंटी नारकोटिक्स सैल का चेयरमैन तो कभी सीबीआई का अधिकारी बताकर लोगों में प्रभाव जमाता था। आरोप है कि आरोपियों ने एक परिवार के दो युवकों को केंद्रीय मंत्रलयों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 65 लाख रुपए ठग लिए हैं। जब नियुक्ति पत्रों की जांच करवाई गई तो वे फर्जी पाए गए। इसके बाद पीड़ित परिवार ने पटियाला पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अपनी गाड़ियों पर सीबीआई और अन्य सरकारी विभागों की प्लेटें लगाकर लोगों को भ्रमित करता था।

वह अपने आपको उच्च अधिकारी साबित करने के लिए एक नकली कार्यालय का सैटअप तैयार कर लोगों को उसकी तस्वीरें दिखाता था, जिससे लोग उसके झांसे में आ जाते थे। इसी तरीके से उसने कई लोगों को अपने जाल में फंसाकर लाखों रुपए की ठगी की। फिलहाल तीनों आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ के दौरान और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें