Postmortem Conducted After 24 Hours : मोगा। मोहल्ला अंगदपुरा में हुए सनसनीखेज गोलीकांड ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। रविवार शाम हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में जान गंवाने वाले साहिल जिंदल उर्फ लंडी और गगनदीप सिंह के शवों का सोमवार रात करीब आठ बजे चार डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया।
परिवार की सहमति के बाद पूरी हुई प्रक्रिया के पश्चात शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की गई। परिजनों के अनुसार, दोनों युवकों का अंतिम संस्कार आज किया जाएगा। दो मौतों के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात मोहल्ला अंगदपुरा में घर के बाहर बैठे युवकों पर काली स्कार्पियो में सवार होकर आए हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। अचानक हुई इस फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमले में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घायलों की पहचान साहिल जिंदल उर्फ लंडी, गगनदीप सिंह, सोमनाथ और राघव के रूप में हुई थी। सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां साहिल जिंदल और गगनदीप सिंह को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, सोमनाथ और राघव को प्राथमिक उपचार दिया गया। परिवार की सहमति के बाद हुआ पोस्टमार्टम गोलीकांड के बाद दोनों मृतकों के शवों को मोगा के सिविल अस्पताल स्थित शवगृह में रखवा दिया गया था। सोमवार को पोस्टमार्टम करवाने को लेकर परिवार की सहमति नहीं बन पाई थी। बताया जा रहा है कि परिजनों ने शुरुआत में पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया था।
इसके चलते प्रक्रिया में देरी हुई। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के अधिकारी सिविल अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाया, जिसके बाद परिवार पोस्टमार्टम करवाने के लिए सहमत हो गया। चार डॉक्टरों के पैनल ने पूरी की प्रक्रिया परिवार की सहमति मिलने के बाद दोनों शवों का एक्स-रे करवाया गया। इसके उपरांत सोमवार रात करीब आठ बजे चार डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। पैनल में डॉक्टर नरेंद्रजीत सिंह, डॉक्टर एकमजीत सिंह, डॉक्टर अश्विनी कुमार और डॉक्टर करण मित्तल शामिल थे।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की गई। आज होगा अंतिम संस्कार दो युवकों की मौत से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गोलीकांड के बाद से ही अंगदपुरा मोहल्ले में गमगीन माहौल है। परिजनों के अनुसार, आज दोनों युवकों का अंतिम संस्कार किया जाएगा। घटना को लेकर इलाके के लोगों में भी शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

