बिजली कटौती से लुधियाना की साइकिल इंडस्ट्री परेशान

Power Cuts Trouble Ludhiana’s Bicycle Industry : लुधियाना। शहर में शाम 7 बजे से रात 12 बजे तक घोषित बिजली कटौती ने साइकिल इंडस्ट्री की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उद्योगपतियों का कहना है कि पहले से मंदी की मार झेल रही सेकेंडरी इंडस्ट्री में बिजली संकट के कारण कामकाज प्रभावित हो रहा है और मजदूर भी काम छोड़ने लगे हैं। उद्योगपतियों ने सरकार से रात के समय निर्बाध बिजली सप्लाई देने की मांग की है।
इस बारे में बात करते हुए लुधियाना के साइकिल उद्योगपति अवतार सिंह भोगल ने कहा कि सेकेंडरी इंडस्ट्री पहले से ही मंदी के दौर से गुज़र रही है। आज हमने लुधियाना बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर के सामने अपनी बात रखी है कि हमें रात में पूरी बिजली मिलनी चाहिए ताकि हमारी फैक्ट्री में काम जारी रह सके। अवतार सिंह ने कहा कि वे कई बार बिना बताए बिजली काट देते हैं।
अगर मॉल्स और बड़ी दुकानों की बात करें, तो वे रात में भी खुले रहते हैं। इंडस्ट्री से बहुत सारे मज़दूर जुड़े होते हैं। अगर वे इसी तरह बिजली काटते रहे, तो हम खाली बैठकर कैसे गुज़ारा करेंगे? काम पर बहुत बुरा असर पड़ेगा और नुकसान भी होगा। रात में बिजली कटौती के कारण मज़दूर भी काम छोड़कर जाने लगे हैं। इन हालात में सिर्फ़ 50% काम ही हो पा रहा है। मौजूदा सरकार को बिजली के मामले में इंडस्ट्री पर ध्यान देना चाहिए।
