Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिजली मंत्री हरभजन ई.टी.ओ. ने नकोदर में 7 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 66 केवी पावर सब स्टेशन का नींव पत्थर रखा

December 4, 2024

बिजली मंत्री हरभजन ई.टी.ओ. ने नकोदर में 7 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 66 केवी पावर सब स्टेशन का नींव पत्थर रखा

नकोदर/जालंधर: राज्य में बिजली क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, पंजाब के बिजली और लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. और विधायक इंदरजीत कौर मान ने आज विधानसभा हलका नकोदर के गांव चित्र हारा में 66 केवी बिजली सब स्टेशन का शिलान्यास किया।

इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए बिजली मंत्री ने कहा कि 7 करोड़ रुपये की लागत वाली इस नई परियोजना में 12.5 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर और 4.5 किमी लंबी 66 केवी लाइन होगी। इस प्रोजेक्ट को 9 नए 11 केवी फीडर (6 कृषि, 1 शहरी और 2 यूपीएस फीडर) से भी जोड़ा जाएगा। इस सब-स्टेशन के चालू होने से 20 गांवों और 17 अन्य गांवों की बिजली आपूर्ति में सुधार होने से कुल 37 गांवों को सीधा लाभ होगा।

उन्होंने आगे कहा कि सब स्टेशन से फीडर की लंबाई भी कम हो जायेगी, जिससे कृषि, घरेलू एवं औद्योगिक बिजली उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवायी जाएगी। इसके साथ ही 132 के.वी. नकोदर, 220 केवी नूरमहल और 66 केवी समशाबाद और शंकर बिजली स्टेशन लोड को कम करने में सक्षम होंगे, जिससे उनकी क्षमता में सुधार होगा। इस मौके पर हरभजन सिंह ई.टी.ओ.ने राज्य में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट राज्य के विकास और नकोदर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति प्रदान करने में एक मील का पत्थर साबित होगा।

बिजली मंत्री ने कहा कि पिछले ढाई साल के दौरान पंजाब सरकार ने पावर ग्रिडों के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया है, ताकि लोड कम करके निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने राज्य के ऊर्जा ढांचे में सुधार की प्रतिबद्धता बताते हुए कहा कि अकेले जालंधर जिले में बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए 273 करोड़ रुपये मंजूर किए गए है।

पंजाब सरकार की मुफ्त बिजली आपूर्ति योजना की सफलता के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में बिना किसी भेदभाव के 600 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के दौरान बिजली उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली पाने के लिए निरीक्षण के अलावा आवेदन भी देना पड़ता था, जबकि वर्तमान सरकार बिना किसी परेशानी के मुफ्त बिजली की सुविधा दे रही है, जिससे 90 प्रतिशत बिजली उपभोक्ताओं को बड़ा फायदा मिला है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने 800 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है।

उन्होंने अपने निजी हितों को पूरा करने के लिए पछवाडा (झारखंड) कोयला खनन को बंद करने के लिए पिछली सरकार की आलोचना भी की। उन्होंने कहा कि इसके दोबारा शुरू होने से मौजूदा सरकार को 1000 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा, पंजाब सरकार द्वारा 1080 करोड़ रुपये में एक निजी थर्मल प्लांट खरीदने से 300 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है, जिससे पी.एस.पी.सी.एल. को घाटे से निकालकर मुनाफे वाली संस्था बनाया गया है।

इस मौके पर उन्होंने कर्मचारियों की कमी को पूरा करने के लिए किए जा रहे महत्वपूर्ण भर्ती प्रयासों और सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उठाए जा रहे क्रांतिकारी कदमों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि बिजली के क्षेत्र में किए जा रहे यह आधुनिक प्रयास राज्य के सर्वांगीण विकास के प्रति पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

विधायक इंदरजीत कौर मान, बिजली मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस परियोजना से 37 गांवों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि यह प्रोजेक्ट बीड पिंड, लितरा, मीरापुर, सिधवां, संगे जागीर, संगे खालसा, नवां पिंड अराईया, पंडोरी जागीर, मऊवाल, शंकर, मुजफ्फरपुर, उप्पल खालसा, उप्पल जागीर, रामपुर, हरदोशेक, भंडाल बूटा, भंडार हिम्मत, कोटला मोहल्ला, भंगाला, नकोदर शहर सुन्नर कलां, पबवा, डल्ला, नत्ता , सयानीवाल, आलोवाल, ढेहरियां, मुहेम, समशाबाद, शंकर, सरीह, चक्क कलां, चक्क मुगलां, हुसैनाबाद, टाहली, कंदोला, कलानंद गुमटाला गांवों के निवासियों को बड़ी राहत देने के अलावा विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

इस मौके पर पंजाब सफ़ाई कर्मचारी कमीशन के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल, चीफ इंजीनियर पी.एस.पी.सी.एल. रमेश कुमार सारंगल, पंजाब एग्री एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन के चेयरमैन मंगल बस्सी, एस.डी.एम. नकोदर लाल विश्वास बैंस, वरिष्ठ आप नेता राजविंदर कौर थियाडा, परमिंदर सिंह पंडोरी, पवन कुमार टीनू और अन्य भी मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें