PPCB Seals Amritsar Factory for Repeated Pollution Violations : अमृतसर। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीपीसीबी) ने पर्यावरण नियमों का लगातार उल्लंघन करने के मामले में मैसर्स अमर कलर कैम इंडिया, प्लॉट नंबर 26, ओल्ड फोकल प्वाइंट, मेहता रोड, अमृतसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए इसकी पूरी फैक्ट्री और मशीनरी, जिसमें चलायमान पुर्जे, डी.जी. सेट तथा औद्योगिक इकाई का मुख्य प्रवेश द्वार शामिल है, को सील कर दिया।
उक्त औद्योगिक इकाई में बेसिक डाइज और इंटरमीडिएट्स का निर्माण किया जाता है। इस इकाई के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि यहां से निकलने वाली तीव्र दुर्गंध वाली गैसों के कारण आसपास के निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा फोकल प्वाइंट क्षेत्र की मुख्य सीवरेज लाइन में रंगीन और प्रदूषित गंदा पानी छोड़ा जा रहा है। बोर्ड द्वारा व्यक्तिगत सुनवाई सहित कई अवसर दिए जाने के बावजूद उद्योग प्रबंधन ने पर्यावरण नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कोई प्रभावी सुधारात्मक कदम नहीं उठाए।
इसके परिणामस्वरूप बोर्ड ने जल (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1974 की धारा 33-ए तथा वायु (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1981 की धारा 31-ए के तहत उद्योग को बंद करने, बिजली आपूर्ति काटने और डी.जी. सेट को सील करने के निर्देश जारी किए थे। इन निर्देशों को 12 जून, 2026 को पी.एस.पी.सी.एल. के अधिकारियों और पुलिस कर्मियों के सहयोग से लागू किया गया था।
हालांकि, 30 जून, 2026 को किए गए निरीक्षण के दौरान डी.जी. सेट के घूमने वाले हिस्सों पर लगी सीलें अंदर से टूटी हुई पाई गईं, जबकि इसकी कैनोपी के दरवाजे की सीलें सही सलामत थीं। इसके अलावा डी.जी. सेट गर्म पाया गया, जिससे इसके हाल ही में चलाए जाने का संकेत मिला। परिसर के अंदर 10 के.वी.ए. क्षमता का एक अन्य डी.जी. सेट भी स्थापित पाया गया, जिसका कथित तौर पर कार्यालय को बिजली आपूर्ति देने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।
इस संबंध में बोर्ड द्वारा 15 जुलाई, 2026 को उद्योग के मालिक और अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ थाना मकबूलपुरा, अमृतसर में भारतीय न्याय संहिता, 2023, जल अधिनियम, 1974 तथा वायु अधिनियम, 1981 की संबंधित धाराओं के तहत एफ.आई.आर. दर्ज करवाई गई थी। इसके बावजूद, बिजली और पानी की आपूर्ति काटने तथा पहले एफ.आई.आर. दर्ज होने के बावजूद उद्योग के लगातार चलने संबंधी शिकायतें मिलती रहीं। इन लगातार उल्लंघनों का गंभीर संज्ञान लेते हुए बोर्ड के सक्षम प्राधिकारी ने उद्योग की पूरी फैक्ट्री और मशीनरी सहित मुख्य प्रवेश द्वार को सील करने के नए निर्देश जारी किए।
बोर्ड के अधिकारियों द्वारा 19 नवंबर, 2026 को किए गए निरीक्षण के दौरान तैयार उत्पादों की पैकिंग का काम होता पाया गया तथा परिसर के अंदर कर्मचारी भी मौजूद थे। इससे स्पष्ट हुआ कि पहले जारी किए गए बंद करने के निर्देशों और एफ.आई.आर. दर्ज होने के बावजूद उद्योग से संबंधित गतिविधियां जारी थीं। इन लगातार उल्लंघनों को देखते हुए बोर्ड के निर्देशों की अवहेलना करने के मामले में 19 नवंबर, 2026 को उद्योग के मालिक के खिलाफ दूसरी एफ.आई.आर. भी दर्ज करवाई गई है।
इस संबंध में इंजीनियर अमृतपाल सिंह चहल, पर्यावरण इंजीनियर, क्षेत्रीय कार्यालय, अमृतसर, इंजीनियर बचन पाल सिंह, पर्यावरण इंजीनियर, जोनल कार्यालय, अमृतसर, इंजीनियर लखविंदर कुमार, ए.ई.ई. तथा इंजीनियर सुखमनी सिंह, ए.ई.ई. की टीम द्वारा 19 नवंबर, 2026 को सीलिंग की कार्रवाई की गई। इस अवसर पर श्रीमती अमनदीप कौर, एस.एच.ओ., थाना मकबूलपुरा, श्री अंगद बराड़, नायब तहसीलदार, अमृतसर-1, बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तथा अन्य सहायक स्टाफ भी मौजूद था। आवश्यक पुलिस सहायता के साथ उद्योग के मालिक श्री रोहित हांडा की उपस्थिति में पूरी फैक्ट्री और मशीनरी, जिसमें चलायमान पुर्जे, डी.जी. सेट तथा औद्योगिक इकाई का मुख्य प्रवेश द्वार शामिल है, को सील कर दिया गया।

