Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

भगवान महर्षि वाल्मीकि जी के प्रकट दिवस पर आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियां पूरी

October 25, 2026

भगवान महर्षि वाल्मीकि जी के प्रकट दिवस पर आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियां पूरी

अमृतसर: पंजाब सरकार द्वारा भगवान महर्षि वाल्मीकि जी के प्रकट दिवस के अवसर पर 26 अक्टूबर को श्री वाल्मीकि तीर्थ स्थल (राम तीर्थ), अमृतसर में आयोजित किए जा रहे राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस समारोह में मुख्यमंत्री पंजाब स. भगवंत सिंह मान सहित पंजाब मंत्रिमंडल के मंत्री, संत-महापुरुष और अन्य प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। इस अवसर पर श्री वाल्मीकि तीर्थ स्थल के नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा।

समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने आज श्री वाल्मीकि तीर्थ स्थल पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) पल्लवी मिश्रा, एस.डी.एम. लोपोके स. मनबीर सिंह, एस.डी.एम. अमृतसर-1 अलका कालिया, एस.डी.एम. अमृतसर-2 स. गुरमंदर सिंह, एस.डी.एम. बाबा बकाला साहिब जशनजीत सिंह, जी.एम. मधुर भाटिया, लोक निर्माण विभाग के एक्सियन दिलबाग सिंह एवं राजीव शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह में शामिल होने वाली संगत की सुविधा, सुरक्षा और यातायात के सुचारू प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि संगत को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने बताया कि भगवान महर्षि वाल्मीकि जी के प्रकट दिवस के अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के श्री वाल्मीकि तीर्थ स्थल पर पहुंचने की उम्मीद है। इस पावन अवसर पर सुबह संत-महापुरुषों की उपस्थिति में निशान साहिब चढ़ाने की रस्म अदा की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा समारोह को सुचारू ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि संगत की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ठहरने, लंगर, पीने के स्वच्छ पानी, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं के उचित प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि संगत की सेवा और सुविधा में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे भगवान महर्षि वाल्मीकि जी के प्रकट दिवस के अवसर पर 26 अक्टूबर को श्री वाल्मीकि तीर्थ स्थल, राम तीर्थ में बड़ी संख्या में पहुंचकर नतमस्तक हों और इस पावन समारोह की शोभा बढ़ाएं।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें