Preparations Intensify for Anti-Drug Rally : जालंधर। 30 सितंबर को होने वाली अमित शाह की नशा मुक्ति महारैली को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश महामंत्री परमिंदर सिंह बराड़ ने रैली स्थल का दौरा कर पंडाल, मंच, पार्किंग, सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने पंडाल निर्माण, मंच व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, सुरक्षा, यातायात और कार्यकर्ताओं के बैठने सहित विभिन्न प्रबंधों का निरीक्षण किया तथा संबंधित जिम्मेदार पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रदेश महामंत्री परमिंदर सिंह बराड़ ने कहा कि पंजाब आज नशे की गंभीर समस्या से जूझ रहा है और भारतीय जनता पार्टी इस चुनौती के खिलाफ जन-जागरण की व्यापक मुहिम चला रही है।
उन्होंने कहा कि 30 सितंबर को होने वाली अमित शाह की नशा मुक्ति महारैली पंजाब के युवाओं, किसानों, महिलाओं और समाज के हर वर्ग की आवाज बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह महारैली पंजाब की राजनीति में एक नई दिशा तय करेगी और नशा मुक्त पंजाब के संकल्प को मजबूत करेगी। भाजपा जिला जालंधर शहरी के अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि रैली की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं और जिले के सभी मंडलों, शक्ति केंद्रों तथा बूथों तक कार्यकर्ताओं ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। उन्होंने कहा कि जालंधर की धरती से उठने वाली यह आवाज पंजाब को नशे, अपराध और अराजकता से मुक्त कराने के लिए एक मजबूत संदेश देगी। उन्होंने कहा कि रैली में प्रदेश के कोने-कोने से भारी संख्या में लोग पहुंचेंगे और यह कार्यक्रम ऐतिहासिक जनसमर्थन का नया अध्याय लिखेगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव कृष्णदेव भंडारी, भाजपा जिला जालंधर देहाती नॉर्थ के अध्यक्ष मनमीत सिंह विकी साउथ के अध्यक्ष जगबीर सिंह बराड़, पूर्व जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा, कैंटोनमेंट बोर्ड के सिविल सदस्य पुनीत शुक्ला, जिला महामंत्री राजेश कपूर, जिला महामंत्री अमरजीत सिंह गोल्डी, जिला सचिव अमित भाटिया, वरिंदर बंटी सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

