Dainik Savera Times

PRGI ने पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और चंडीगढ़ के समाचार पत्रों एवं पत्रिकाओं के प्रकाशकों के लिए हाइब्रिड कार्यशाला की अध्यक्षता की

चंडीगढ़ : भारत के प्रेस रजिस्ट्रार जनरल (PRGI) श्री योगेश कुमार बावेजा ने आज पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ क्षेत्र के समाचार पत्रों एवं पत्रिकाओं के प्रकाशकों के लिए आयोजित एक हाइब्रिड कार्यशाला की अध्यक्षता की। यह कार्यशाला यूटी गेस्ट हाउस, चंडीगढ़ में आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य समाचार पत्रों, पत्रिकाओं और अन्य प्रेस से जुड़े पंजीकरण एवं अन्य कार्य संबंधी प्रक्रियाओं में आने वाली समस्याओं का समाधान करना था। इसके अलावा प्रेस सेवा पोर्टल और प्रेस एवं पत्रिका पंजीकरण अधिनियम, 2023 की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था।

 

अपने संबोधन में भारत के प्रेस पंजीयक जनरल श्री योगेश बावेजा ने कहा कि प्रेस पोर्टल का उद्देश्य समाचार पत्रों एवं पत्रिकाओं के पंजीकरण, रेगुलेटरी और सर्कुलेशन वेरिफिकेशन से जुड़े प्रक्रियाओं में डिजिटल माध्यम से पारदर्शिता और सुगमता लाना है। उन्होंने बताया कि प्रेस सेवा पोर्टल के माध्यम से प्रकाशक अपने पंजीकरण से संबंधित सभी कार्य ऑनलाइन कर सकेंगे, जिससे समय और धन की बचत के अलावा पारदर्शिता के साथ पंजीकरण प्रक्रिया तेज़ी से पूरी की जा सकेगी। जिससे कार्यक्षमता भी बढ़ेगी और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।

उन्होंने कहा कि पूर्व उपनिवेशीय युग का अधिनियम ब्रिटिश हितों के अनुरूप तैयार किया गया था और इसमें पंजीकरण की प्रक्रिया जटिल तथा अनुपालन कठिन था। नया अधिनियम डिजिटल इंडिया के लक्ष्यों के अनुरूप है और यह सरल, तेज़, पारदर्शी ऑनलाइन प्रक्रियाएं तथा अनुपालन सुनिश्चित करता है, जिससे व्यापार करने में आसानी को बढ़ावा मिलता है। श्री योगेश बावेजा ने कहा कि प्रेस सेवा पोर्टल का शुभारंभ भारत में समाचार पत्रों और पत्रिकाओं के पंजीकरण और विनियमन से संबंधित प्रक्रियाओं को आधुनिक और सुव्यवस्थित करने की हमारी सामूहिक प्रयासों में एक महत्वपूर्ण कदम है।

यह डिजिटल मंच ‘न्यूनतम सरकार, अधिकतम शासन’ की भावना को साकार करता है और प्रेस समुदाय की बेहतर सेवा के लिए तकनीक का लाभ उठाने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कार्यशाला के दौरान PRGI ने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से प्रकाशकों की समस्याएं सुनीं और कई मुद्दों का मौके पर ही समाधान किया। इससे पहले पत्र सूचना कार्यालय चंडीगढ़ के अपर महानिदेशक श्री विवेक वैभव ने प्रेस महापंजीयक श्री योगेश बावेजा का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशाला चंडीगढ़ में पहली बार आयोजित की गई है जो समाचार पत्रों के प्रतिनिधियों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह कार्यशाला चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा एवं हिमाचल प्रदेश के सभी समाचार पत्रों के प्रकाशकों और मालिकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। इस अवसर पर उप प्रेस रजिस्ट्रार श्री आशुतोष मोहले ने प्रेस सेवा पोर्टल और प्रेस एवं पत्रिका पंजीकरण अधिनियम, 2023 पर एक पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन प्रस्तुत की। उन्होंने प्रकाशकों को अधिनियम के अंतर्गत लागू विभिन्न नियमों और प्रक्रियाओं की जानकारी दी और बताया कि नया पंजीकरण अधिनियम पुराने अधिनियम को संशोधित कर पंजीकरण प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और सुगम बनाया गया हैं।

सभी समाचार पत्रों के प्रतिनिधियों ने गहरी रुचि के साथ जानकारियां को प्राप्त किया। इस मौके पर पत्र सूचना कार्यालय चंडीगढ़ की सहायक निदेशक श्रीमती शीनम जैन ने धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया और मीडिया एवं जनसंचार अधिकारी श्री अहमद खान ने मंच का संचालन किया। इस अवसर पर सभी उपस्थित प्रतिनिधियों ने इस कार्यशाला के आयोजन के लिए पीआरजीआई का आभार व्यक्त किया और अनुरोध किया कि भविष्य में भी समय-समय पर ऐसी कार्यशालाओं का आयोजन किया जाए, जिससे उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित हो सके।

ये भी पढ़ें :- ईद के मौके पर अफगानिस्तान और पाकिस्तान में युद्धविराम की घोषणा, इन देशों ने की थी अपील 

Exit mobile version