Last Updated: September 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमित शाह की रैली से पहले जालंधर में दीवारों पर खालिस्तान समर्थक नारे, पन्नू ने ली जिम्मेदारी

September 29, 2026

अमित शाह की रैली से पहले जालंधर में दीवारों पर खालिस्तान समर्थक नारे, पन्नू ने ली जिम्मेदारी

जालंधरः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 30 सितंबर को जालंधर दौरे पर आ रहे हैं। वह जीटी रोड स्थित लिली रिजॉर्ट के पास परागपुर क्षेत्र में आयोजित विशाल ‘नशा-मुक्त पंजाब’ महारैली को संबोधित करेंगे। अमित शाह के दौरे से पहले रेड क्रॉस भवन की दीवारों पर ‘भाजपा भगाओ पंजाब’ और ‘पंजाब दा हल खालिस्तान’ जैसे नारे लिखे मिले।

खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने वीडियो जारी कर इसकी जिम्मेदारी ली है। वीडियो में पन्नू ने भाजपा पर नशे को लेकर आरोप लगाए। बाद में दीवारों पर लिखे नारों को कालिख पोतकर मिटा दिया गया।

अमित शाह की प्रस्तावित महारैली करीब 63 एकड़ जमीन में आयोजित होगी, जबकि 28 एकड़ क्षेत्र में विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार पंडाल पूरी तरह एयर कंडीशन्ड होगा और इसमें 25 हजार से अधिक कुर्सियां लगाई जा रही हैं। रैली में एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने का अनुमान जताया जा रहा है।

भाजपा की ओर से पंजाब में निकाली जा रही चार ‘नशा मुक्त पंजाब यात्राओं’ का समापन भी इसी रैली में होगा। दूर बैठे लोगों तक मंच और भाषण की स्पष्ट पहुंच के लिए पंडाल के अंदर और बाहर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं।

रैली में पहुंचने वाले वाहनों के लिए चार पार्किंग साइट बनाई गई हैं। इनमें वीआईपी पार्किंग के अलावा दोआबा, माझा और मालवा से आने वाले लोगों के रूट के अनुसार अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है। आयोजकों के मुताबिक 3 हजार से अधिक बसें और करीब 2 हजार छोटे वाहनों के पहुंचने की संभावना है।

📍 Location: जालंधर रेड क्रॉस भबन (जालंधर)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें