मोगा: पंजाब सरकार द्वारा राज्य में निवेश और कारोबार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फास्टट्रैक पंजाब पोर्टल को नेशनल सिंगल विंडो सिस्टम (NSWS) के साथ पूरी तरह से जोड़ दिया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर मोगा सागर सेतिया ने बताया कि इस एकीकरण से राज्य के निवेशकों और कारोबारियों को केंद्र सरकार की विभिन्न मंजूरियां एक ही साझा प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि फास्टट्रैक पंजाब पोर्टल पंजाब की सिंगल विंडो प्रणाली के रूप में कार्य कर रहा है और अब इसे नेशनल सिंगल विंडो सिस्टम के साथ दो-तरफा तरीके से जोड़ा गया है। इसके तहत फास्टट्रैक पंजाब पोर्टल पर पंजीकृत निवेशक सिंगल साइन-ऑन की सुविधा के माध्यम से अपनी संयुक्त आवेदन प्रक्रिया के जरिए नेशनल सिंगल विंडो सिस्टम पर उपलब्ध केंद्र सरकार की मंजूरियों तक पहुंच सकेंगे।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि इस पहल से निवेशकों और उद्योगों के लिए विभिन्न सरकारी पोर्टलों पर अलग-अलग आवेदन करने की प्रक्रिया में कमी आएगी और सरकारी सेवाएं प्राप्त करना और भी आसान, पारदर्शी एवं सुचारू बनेगा। उन्होंने कहा कि यह कदम पंजाब में कारोबार करने की प्रक्रिया को और सरल बनाने तथा निवेश-अनुकूल माहौल को मजबूत करने में सहायक साबित होगा।
उन्होंने बताया कि फास्टट्रैक पंजाब और एनएसडब्ल्यूएस के एकीकरण के माध्यम से औद्योगिक लाइसेंस एवं एफडीआई मंजूरियां, उद्यम पंजीकरण, पर्यावरण एवं वन मंजूरियां, सुरक्षा एवं विस्फोटक लाइसेंसिंग, श्रम एवं रोजगार से संबंधित पंजीकरणों के अलावा विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों एवं विभागों द्वारा जारी किए जाने वाले क्षेत्र-विशेष लाइसेंसों तक पहुंच संभव होगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्योगों और कारोबारियों को सभी जी2बी (गवर्नमेंट टू बिजनेस) सेवाएं एक ही इंटरफेस के माध्यम से प्राप्त करने के लिए उचित सहायता प्रदान की जाए, ताकि जिले में व्यावसायिक गतिविधियों को और अधिक सुचारू बनाया जा सके।
📍 Location: मोगा

