जालंधरः भगवान वाल्मीकि महाराज के प्रकट दिवस (प्रकाश पर्व) के अवसर पर जालंधर में निकाली जाने वाली विशाल शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर प्रशासन और वाल्मीकि संत समाज के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया, पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधि विपन सभ्रवाल ने बताया कि बैठक में शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग, साफ-सफाई और प्रमुख चौकों की सजावट को लेकर चर्चा की गई। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था का भरोसा दिया।
उन्होंने बताया कि इस धार्मिक आयोजन में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी शामिल होंगे। विशाल शोभायात्रा दोपहर 2 बजे श्री राम चौक, कंपनी बाग से शुरू होगी। 15 तारीख से पहले महाराज के पवित्र स्थान से ज्योत लाई जाएगी। इस दौरान शहर की सड़कों की सफाई और रास्तों पर झंडे लगाने की भी अपील की गई है।
15 तारीख को हवन यज्ञ का आयोजन होगा, जिसमें विश्व की सुख-शांति के लिए आहुति दी जाएगी। इससे पहले सत्संग भी करवाया जाएगा। हवन यज्ञ के दौरान महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की मांग की गई।
वहीं, 14 तारीख को शक्ति नगर स्थित भगवान वाल्मीकि आश्रम में महाराज जी की पालकी पहुंचेगी। समाज ने पालकी साहिब के साथ पुलिस कर्मियों की स्थायी तैनाती की मांग की है। विपन सभ्रवाल ने बताया कि पिछले वर्ष कुछ शरारती तत्वों ने मुंह ढककर माहौल खराब करने का प्रयास किया था। इस बार ऐसी किसी भी घटना को रोकने के लिए प्रशासन से विशेष सुरक्षा व्यवस्था की अपील की गई है।
📍 Location: जालंधर डीसी ऑफिस (जालंधर)

