Site icon Dainik Savera Times

सिटी सैंटर में स्पा सैंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का पर्दाफाश

खन्ना : खन्ना के सिटी सैंटर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पा सैंटरों की आड़ में चल रहे देह व्यापार के नैटवर्क का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। पुलिस द्वारा की गई छापेमारी के दौरान छह विदेशी युवतियों और एक मैनेजर को हिरासत में लिया गया, जबकि दो स्पा सैंटर संचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि सिटी सैंटर में चल रहे कुछ स्पा सैंटरों की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

इसी सूचना के आधार पर थाना सिटी-2 पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। रेड के दौरान तीन स्पा सैंटरों की जांच की गई, जहां से छह विदेशी युवतियों और एक मैनेजर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का आरोप है कि इन युवतियों से देह व्यापार कराया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक स्पा सैंटर का संचालक कप्तान सिंह, जो हरियाणा के अंबाला का रहने वाला बताया जा रहा है तथा दूसरा संचालक मनोज पुलिस की रेड से पहले ही फरार हो गए। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपियों का यह गिरोह काफी समय से अलग-अलग स्थानों पर अपना ठिकाना बदलकर अवैध धंधा चला रहा था।

बताया जा रहा है कि हाल ही में उन्होंने सिटी सैंटर में अपने स्पा सैंटर शुरू किए थे। जैसे ही पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली, तुरंत कार्रवाई करते हुए छापेमारी की गई। थाना सिटी-2 के प्रभारी इंस्पैक्टर तरविंदर कुमार बेदी ने बताया कि पुलिस ने मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की है। हिरासत में ली गई युवतियों से पूछताछ की जा रही है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version