Site icon Dainik Savera Times

स्मार्ट सिटी घोटाले की जांच को लेकर भाजपा का निगम के खिलाफ मोर्चा

Protest Against Jalandhar MC Over Smart City Issues : जालंधर। नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार और करीब एक हजार करोड़ रुपये की स्मार्ट सिटी परियोजनाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा ने सरकार और नगर निगम पर निशाना साधा है। भाजपा पार्षदों ने मामले की निष्पक्ष जांच, रिपोर्ट सार्वजनिक करने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। पार्षद दल ने ऐलान किया कि 9 अक्टूबर को नगर निगम के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर शहर की खराब सीवरेज व्यवस्था, गंदे पानी, टूटी सड़कों और स्ट्रीट लाइटों जैसे मुद्दे भी उठाए जाएंगे।

जालंधर भाजपा पार्षद दल के नेता मंजीत सिंह टीटू की अध्यक्षता में पार्षद मीनू ढंड के निवास स्थान पर भाजपा पार्षदों की बैठक हुई, जिसमें जालंधर भाजपा प्रधान अशोक सरीन हिक्की मुख्य रूप से उपस्थित हुए। बैठक में भाजपा नेताओं के अनुसार, भगवंत मान सरकार विजिलेंस जांच के नाम पर स्मार्ट सिटी परियोजनाओं में कथित अनियमितताओं से जुड़ी फाइलों को दबाकर रख रही है और जिम्मेदार लोगों को बचाया जा रहा है।

भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच कथित मिलीभगत का आरोप लगाते हुए मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो। इन आरोपों पर सरकार, नगर निगम, मेयर, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की ओर से तत्काल कोई जवाब उपलब्ध नहीं हो सका। इस अवसर पर मंजीत सिंह टीटू ने कहा कि शुक्रवार, 9 अक्टूबर को भाजपा पार्षद नगर निगम के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर शहरवासियों की आवाज बुलंद करेंगे।

उन्होंने कहा कि जालंधर के लोग खराब सीवरेज व्यवस्था, गंदे पानी, टूटी सड़कों, जेटिंग मशीनों पर खर्च किए गए करोड़ों रुपये के कथित दुरुपयोग और स्ट्रीट लाइटों की कमी के कारण बने डार्क जोन जैसी समस्याओं से परेशान हैं। इसके बावजूद, भाजपा नेताओं के अनुसार, नगर निगम और सरकार जनता को राहत देने में विफल नजर आ रहे हैं। भाजपा पार्षद स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के खर्च का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने, कथित भ्रष्टाचार की जांच और शहर की बुनियादी सुविधाओं को तत्काल दुरुस्त करने की मांग उठाएंगे।

इन आरोपों और दावों पर संबंधित सरकारी विभागों तथा नगर निगम का पक्ष उपलब्ध नहीं हो सका। वही जालंधर भाजपा प्रधान अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि भाजपा पार्षद जनता के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने कहा कि शहरवासियों की पब्लिक डिमांड्स को प्राथमिकता देते हुए भाजपा नगर निगम और सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग करेगी।

Exit mobile version