चंडीगढ़: गाय के बछड़े के शव को लेकर आक्रोशित लोगों ने गुरुवार को सैक्टर-26 स्थित ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट को जाम कर दिया और जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने गो-हत्या बंद करो और गो-तस्करी पर रोक लगाओ जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन के चलते ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिसके कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही।
बताया जाता है कि वहां आसपास के क्षेत्र में रहने वाला व्यक्ति मृत बछड़े को जमीन में गढ्डा खोद कर दफानने के लिए कसी का इंतजाम करने गया था जब तक वह आता तब गुस्साए प्रदर्शनकारी मृत बछड़े को लेकर सड़क पर पहुंच गए, जिसके बाद हंगामा मच गया और तस्करी को लेकर अफवाह उड़ गई। प्रदर्शनकारी गो-तस्करी की घटनाओं पर तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत करने और जाम खुलवाने की कोशिश शुरू कर दी। मौके पर पुलिस बल तैनात था और हालात पर नजर रखी गई।

