बठिंडा : बठिंडा में पंजाब सरकार के खिलाफ पीआरटीसी और पनबस के अनुबंध कर्मचारियों ने मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों ने 16, 17 और 18 नवंबर को हड़ताल पर रहने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर हड़ताल को आगे भी जारी रखा जा सकता है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के पोस्टरों पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि पोस्टरों में अनुबंध कर्मचारियों को नियमित करने का दावा किया जा रहा है, जबकि जमीनी हकीकत इससे अलग है।
कर्मचारियों ने इस दावे को सस्ती लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश बताया। कर्मचारी नेता एवं अध्यक्ष सरबजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा कर्मचारियों के साथ बैठकें करते हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिलते हैं। भुल्लर ने चेतावनी दी कि 16, 17 और 18 तारीख को कर्मचारी हड़ताल करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री के आवासों का घेराव भी किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने मांगें पूरी नहीं कीं तो आंदोलन जारी रहेगा।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार चुनाव से पहले किए गए वादों के मुताबिक काम नहीं कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि आगामी चुनाव से पहले वे गांवों में जाकर आम आदमी पार्टी के खिलाफ लोगों को जागरूक करेंगे। साथ ही लोगों से पार्टी को वोट नहीं देने की अपील भी करेंगे।

