Site icon Dainik Savera Times

सफाई कर्मियों के पंजाब बंद को जनतक जत्थेबंदियों ने दिया समर्थन

मानसा : मानसा में विभिन्न जनतक जत्थेबंदियों की बैठक हुई, जिसमें सफाई कर्मियों द्वारा 30 जुलाई को दिए गए पंजाब बंद के आह्वान की हिमायत का ऐलान किया गया। नेताओं ने समूह इंसाफ पसंद लोगों से सफाई कर्मियों के हक में इस बंद को सफल बनाने की अपील की।

बैठक में आल इंडिया सैंट्रल ऑफ ट्रेड यूनियन के अध्यक्ष कामरेड राजविंद्र राणा, सफाई सेवक यूनियन के सुखदेव, प्रवीन रत्ती, मुकेश कुमार, मजदूर मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष बलविंद्र घरांगणा, पंजाब किसान यूनियन के प्रांतीय नेता गुरजंट सिंह, क्रांतिकारी किसान यूनियन के नेता दलजीत सिंह, गुरसेवक मान, भाकियू आजाद के जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह भैणीवाघा, डीटीएफ के नेता कर्मजीत सिंह, बिजली बोर्ड पैंशनर एसोसिएशन के नेता जगराज रल्ला, लिब्रेशन पार्टी के जिला सचिव सुरिंद्र शर्मा, इंकलाबी नौजवान सभा के अध्यक्ष बलजिंद्र बब्बी आदि मौजूद रहे।

नेताओं ने कहा कि सफाई कर्मी बेहद खराब हालात में कम वेतन पर बिना पर्याप्त सुरक्षा प्रबंधों और मशीनों के काम करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि कल पटियाला के विकास नगर में दो सफाई कर्मियों की गैस चढ़ने से मौत हुई, जबकि पिछले दशक में करीब 27 सीवरमैन व सफाई कर्मी जान गंवा चुके हैं। लंबे समय से काम करने के बावजूद सफाई कर्मियों को पक्का नहीं किया जाता और उन्हें मुआवजा, इलाज व अन्य सुविधाएं भी नहीं मिलतीं।

नेताओं ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण संघर्ष कर रहे सफाई कर्मियों पर 22 जुलाई को बरनाला में पुलिस लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने लाठीचार्ज करने वाले डीएसपी को बर्खास्त कर पर्चा दर्ज करने की मांग की। साथ ही सफाई कर्मियों को पक्का करने, गुजारे योग्य वेतन, सुरक्षा व इलाज के उचित प्रबंध तथा योग्य मुआवजा देने की मांगें तुरंत स्वीकार करने की मांग की।

Exit mobile version