पंजाब में आम आदमी पार्टी द्वारा राज्यव्यापी घर-घर जनसंपर्क अभियान शुरू किया गया। पार्टी के मुताबिक इस अभियान के तहत बूथ स्तर के कार्यकर्ता लोगों तक पहुंचेंगे और पंजाब सरकार के करीब साढ़े चार साल के कार्यकाल में किए गए कार्यों और योजनाओं की जानकारी साझा करेंगे। साथ ही पार्टी की सदस्यता बढ़ाने पर भी जोर रहेगा।
25,332 बूथों तक पहुंचेगा अभियान
आम आदमी पार्टी पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया के अनुसार, अभियान में करीब 2.68 लाख बूथ कमेटी सदस्य शामिल होंगे। ये कार्यकर्ता राज्य के 25,332 मतदान केंद्रों के अंतर्गत आने वाले घरों तक पहुंचने की योजना के साथ काम करेंगे। पार्टी का कहना है कि इस दौरान पंजाब सरकार के कामकाज और विभिन्न वर्गों के लिए लागू योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
धूरी से अभियान में शामिल होंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान अपने विधानसभा क्षेत्र धूरी से इस जनसंपर्क अभियान में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा पार्टी राज्यभर में सदस्यता अभियान भी चलाएगी। पंजाब सरकार ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले संगठन को बूथ स्तर पर सक्रिय करने की दिशा में इस अभियान को आगे बढ़ाया है।
दिल्ली में PAC बैठक के बाद बनी रणनीति
आम आदमी पार्टी के मुताबिक पंजाब के इस व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम की रणनीति दिल्ली में हुई पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक में तय की गई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा भी मौजूद रहे।

