देवीगढ़: पंजाब में स्कूल वाहनों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अब सख्त रुख अपनाए हुए है। उपायुक्त डॉ. प्रीति यादव के स्पष्ट निर्देशों के बाद देवीगढ़ क्षेत्र में स्कूल बसों पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है। यातायात प्रभारी तरसेम कुमार ने अपनी टीम के साथ मिलकर दो निजी स्कूलों की कुल 6 बसों के चालान काटे हैं, जो ‘सुरक्षित स्कूल वाहन नीति’ के मानकों पर खरे नहीं उतरे।
एसडीएम दूधनसाधन क्रे ने बताया कि स्कूलों की बसों की औचक जांच की गई, जिसमें कई गंभीर खामियां सामने आईं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को एक सुरक्षित और नियमबद्ध परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।
क्या पाई गई खामियां?
जांच के दौरान जिन बसों के चालान काटे गए, उनमें कई अनियमितताएं सामने आईं जैसे ड्राइवर और सहायक की वर्दी नहीं थी, बसों में नाम प्लेट नहीं लगी थी, फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्र नहीं थे, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था नहीं थी और कुछ बसें ओवरलोड भी थीं।
स्कूल प्रिंसिपलों को चेतावनी
एसडीएम ने साफ कहा कि यदि कोई स्कूल ‘सुरक्षित स्कूल वाहन नीति’ का पालन नहीं करता है तो उस स्कूल के प्रिंसिपल के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्कूल प्रशासन और निजी ट्रांसपोर्टरों को चेताया कि जल्द से जल्द अपने वाहनों को तय मानकों के अनुरूप करें।
यातायात विभाग का सख्त संदेश
ट्रैफिक इंचार्ज तरसेम कुमार ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज़ किया जाएगा। स्कूल प्रबंधन को यह समझना होगा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

