Site icon Dainik Savera Times

Punjab Air Quality : पटाखों से बिगड़ा पंजाब का मौसम, कई इलाकों में AQI पहुंचा 500 के पार

Punjab Air Quality : दिवाली की रौनक भले ही पूरे पंजाब में दिखाई दी हो, लेकिन इस उत्सव के बाद राज्य की हवा बुरी तरह जहरीली हो गई है। आपको बता दें कि दो दिन तक मनाई गई दिवाली के दौरान पटाखों के धुएं ने वातावरण को प्रदूषित कर दिया, जिससे कई जिलों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) खतरनाक स्तर तक पहुंच गया।

कई इलाकों में AQI 500 के पार

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार रात 9 बजे पंजाब के कई इलाकों में AQI 500 दर्ज किया गया। मंगलवार सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे तक भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और AQI 500 के आसपास बना रहा। हालांकि, बुधवार सुबह 3 बजे यह घटकर 417 और 6 बजे 329 तक पहुंचा, लेकिन हवा अब भी “बहुत खराब” श्रेणी में बनी हुई है।

ये भी पढ़े : राजधानी बनी गैस चैंबर, AQI 437 तक पहुंचा, सांस लेना हुआ मुश्किल!

दूसरी ओर, एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग वेबसाइट के अनुसार, सोमवार रात 10 बजे AQI 620, 11 बजे 716, रात 12 बजे 650, 1 बजे 550 और 2 बजे 753 तक दर्ज किया गया। यह आंकड़े दिखाते हैं कि दिवाली की रात पंजाब की हवा सांस लेने लायक नहीं रही।

पटाखों से बिगड़ा पंजाब का मौसम

प्रदूषण के चलते सुबह सूर्योदय से पहले ही कई इलाकों में घना कोहरा छा गया, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई। विशेषज्ञों का कहना है कि हवा में मौजूद धूल और धुएं के कण (PM2.5 और PM10) के कारण कोहरा और ज्यादा घना हो जाता है।

हालांकि, राहत की बात यह है कि मौसम विभाग के अनुसार, अगले छह दिनों तक पंजाब में आसमान साफ रहेगा। दिन के समय धूप खिलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन सुबह और शाम ठंडक बनी रहेगी। वहीं विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरत के बिना बाहर न निकलें, मास्क पहनें और वायु प्रदूषण कम करने के लिए पटाखों से दूरी बनाए रखें।

Exit mobile version