जालंधरः पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राज्य की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर गठबंधन कर लिया है। मंगलवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, पंजाब प्रभारी केवल सिंह ढिल्लों और शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया गया।
वहीं, भाजपा के पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया ने भी गठबंधन को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि जब-जब अकाली दल और भाजपा ने मिलकर पंजाब में चुनाव लड़ा है, तब-तब राज्य में अमन-शांति, भाईचारे और विकास को मजबूती मिली है। उन्होंने एनडीए में अकाली दल का स्वागत भी किया।
कालिया ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाना और गैंगस्टरवाद को खत्म करना गठबंधन की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके अलावा राज्य को नशामुक्त बनाने की दिशा में भी काम किया जाएगा। गृह मंत्री अमित शाह पहले भी अपने पंजाब दौरे के दौरान नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कह चुके हैं।
इस गठबंधन के बीच 8 दिसंबर को पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल के जन्मदिवस पर मोगा में अकाली दल की ओर से विशाल रैली आयोजित की जाएगी। इस रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की भी बात कही गई है। गठबंधन के ऐलान के दौरान सुखबीर बादल के साथ रवनीत बिट्टू की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही।
📍 Location: सेंटर टाउन (जालंधर)

