चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा का बजट सत्र आज, 6 मार्च से शुरू हो रहा है। सत्र के पहले दिन राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया का सदन में अभिभाषण हो रहा है। उन्होंने सत श्री अकाल कहकर संबोधन शुरू किया। इसके साथ ही सदन में दिवंगत पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि भी दी गई। राजनीतिक माहौल को देखते हुए इस बार का सत्र हंगामेदार रहने की संभावना जताई जा रही है।
विपक्षी दल पहले ही कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी कर चुके हैं। वहीं कांग्रेस पार्टी ने भी सत्र के पहले दिन पंजाब विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग और कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा इस प्रदर्शन में शामिल होंगे।
गवर्नर बोले- पंजाब में अंग प्रत्यारोपण शुरू हुए
गवर्नर ने कहा- पंजाब उन राज्यों में शामिल हो गया है, जहां अंग प्रत्यारोपण की सुविधाएं दी जा रही है। लीवर ट्रांसप्लांट इसका उदाहरण है।
13765 शिक्षकों की भर्ती की गई। टीचरों को सिंगापुर, आईआईएम अहदाबाद, तुर्की और फिनलैंड भेजा है। 118 स्कूलों ऑफ एमिनेंस बनाए जा रहे है। 29 बनाए जा चुके है। बीस करोड़ का बजट वाई फाई के लिखा रखा है। परख परीक्षा में पंजाब पूरे देश में नंबर एक पर रहा है। स्कूलों में कैंपस मैनेजर और सिक्योरिटी गार्ड भर्ती किए हैं।
गवर्नर गुलाब चंद कटारिया ने कहा है कि पंजाब मुख्यमंत्री कैंसर राहत योजना के तहत कैंसर का इलाज देने वाला पहला राज्य बन गया है। यह स्कीम 10 सरकारी अस्पतालों के ज़रिए चलाई जाती है। यह स्कीम 11 प्राइवेट अस्पतालों में भी काम करती है, जहाँ पैसे की मदद दी जाती है।
गवर्नर कटारिया ने कहा है कि सरकार ने हेल्थकेयर नेटवर्क को मज़बूत किया है। इस बदलाव के केंद्र में 881 आम आदमी क्लीनिक हैं, जो एक बड़ी पहल है। वे एक वर्ल्ड-क्लास मॉडल के तौर पर उभरे हैं, जिसकी देश और विदेश में तारीफ़ हुई है। वे टेस्ट और दवाइयाँ देते हैं। मुझे बताया गया है कि 240 और आम आदमी क्लीनिक खोले जाएँगे। गवर्नर ने कहा है कि डॉक्टरों की सबसे बड़ी भर्ती हुई है। 2022 से अब तक 934 डॉक्टरों की भर्ती की गई है, जो कुल काम कर रहे डॉक्टरों की संख्या का 25% है। इस बीच, 400 स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की भर्ती चल रही है। नर्सिंग की भर्ती भी चल रही है।
AAP सरकार का अंतिम बजट सत्र
यह आम आदमी पार्टी सरकार का मौजूदा कार्यकाल का अंतिम बजट सत्र माना जा रहा है, इसलिए इसे राजनीतिक रूप से भी काफी अहम माना जा रहा है। विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार सत्र सुबह 11 बजे राज्यपाल के अभिभाषण से शुरू हुआ।
इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे सदन में दिवंगत पूर्व विधायकों और अन्य प्रमुख हस्तियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। जिन लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी, उनमें पूर्व मंत्री रघबीर सिंह, पूर्व विधायक गुरदीप सिंह भैणी, स्वतंत्रता सेनानी दलीप सिंह और पंजाब राज्य सहकारी कृषि विकास बैंक (PUNCED) के पूर्व चेयरमैन अशोक धीर शामिल हैं। श्रद्धांजलि के बाद सदन की कार्यवाही को 8 मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया जाएगा। आगामी दिनों में बजट और विभिन्न नीतिगत मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
16वीं पंजाब विधानसभा के बजट सेशन का शेडयूल
6 मार्च (शुक्रवार)
सुबह 11:00 बजे राज्यपाल का अभिभाषण होगा। दोपहर 02:00 बजे शोक प्रस्ताव पेश किए जाएंगे।
7 मार्च को छुट्टी रहेगी
8 मार्च (रविवार)
सुबह 11:00 बजे वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट अनुमान पेश किए जाएंगे।
9 मार्च (सोमवार)
राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा और धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया जाएगा।
10 मार्च (मंगलवार)
वर्ष 2025-26 के लिए अनुपूरक अनुदान मांगों पर चर्चा और वोटिंग |
वर्ष 2026-27 के बजट अनुमानों पर सामान्य चर्चा शुरू होगी।
11 मार्च (बुधवार)
बजट अनुमानों पर चर्चा जारी रहेगी और अनुदान मांगों पर वोटिंग होगी।
विनियोग विधेयक पेश किया जाएगा।
12 मार्च (गुरुवार)
इस दिन गैर-सरकारी कामकाज निपटाया जाएगा।
13 मार्च (शुक्रवार)
यह ‘ खाली दिन’ (No sitting) घोषित किया गया है।
14 और 15 मार्च (शनिवार-रविवार)
सदन का अवकाश रहेगा।
16 मार्च (सोमवार)
सत्र के अंतिम दिन विधायी कामकाज होगा और इसके बाद सदन की कार्यवाही को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का प्रस्ताव लाया जाएगा।

