आदमपुर। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पंजाब का एविएशन सेक्टर तेजी से आगे बढ़ रहा है। शेरगिल आज यहां दिल्ली एनसीआर हिंडन से आदमपुर के लिए शुरू हुई पहली उड़ान से आदमपुर पहुंचे। शेरगिल ने कहा कि दिल्ली एनसीआर हिंडन से आदमपुर के लिये उड़ान शुरू होने के साथ आज का दिन ऐतिहासिक बनने साथ-साथ पंजाब के निवासियों और खासकर दोआबा-जालंधर हिमाचल प्रदेश और पंजाब की सीमा से लगे क्षेत्रों के लिये बेहद खुशी का मौका है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से लंबे समय से इस उड़ान को शुरू करने की मांग की जा रही थी।
उन्होंने कहा कि इस फ्लाइट का शुरू होना एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा, जो पंजाब के एविएशन सेक्टर के विकास में एक लंबा रास्ता तय करेगा। उन्होंने कहा कि इस फ्लाइट के शुरू होने से न केवल आदमपुर से दिल्ली जाने की सुविधा मिलेगी, बल्कि आदमपुर से नांदेड़ साहिब, बेंगलुरु, मुंबई और जयपुर के बीच भी सम्पर्क स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि इससे व्यापारी, पर्यटन क्षेत्र और श्रद्धालुओं, जो धार्मिक स्थलों पर जाकर अपनी श्रद्धा अर्पित करना चाहते हैं, के लिए बेहद मददगार होगा। गौरतलब है कि 10 मार्च को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आदमपुर एयरपोर्ट समेत 12 नये टर्मिनल भवनों का उद्घाटन किया था।
PM मोदी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहा है पंजाब का एविएशन सेक्टर: शेरगिल

