जालंधर: सेंट्रल टाउन स्थित एक स्कूल में पंजाब सरकार और शिक्षा विभाग की ओर से चलाए जा रहे अभियान ‘मिशन रफ्तार’ के तहत आयोजित ‘डिजिटल इनोवेशन टेक फेयर’ में पहुंचे कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है। यदि पार्टी किसी अन्य उम्मीदवार को टिकट देती है तो वह उसका भी पूरा समर्थन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि पार्टी में कोई नेता या कार्यकर्ता नाराज चल रहा है तो उसे जल्द ही मना लिया जाएगा।
वहीं, शिक्षा के क्षेत्र में पंजाब सरकार की पहल की सराहना करते हुए मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान शिक्षा को लेकर नई सोच और आधुनिक दृष्टिकोण के साथ काम कर रहे हैं। टेक फेयर में बच्चों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक के माध्यम से विभिन्न उत्पाद तैयार करने और नई तकनीकों के इस्तेमाल की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि आज का दौर तकनीक का है और एआई के माध्यम से बच्चे नई-नई चीजें सीखकर अपनी प्रतिभा को निखार सकते हैं। इससे आने वाले समय में पंजाब और देश की तरक्की को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बच्चों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है।
📍 Location: जालंधर नेहरू गार्डन स्कूल (जालंधर)

