पंजाब डेस्कः पंजाब कैबिनेट में विभागों को लेकर बड़ा फेरबदल किया गया है। इस बदलाव के तहत दो मंत्रियों के विभाग बदले गए हैं, जिनमें मंत्री संजीव अरोड़ा और डॉ. रवजोत सिंह शामिल हैं। जानकारी के अनुसार मंत्री संजीव अरोड़ा को लोकल बॉडीज विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि डॉ. रवजोत सिंह को एनआरआई विभाग का प्रभार दिया गया है।
गौरतलब है कि जुलाई 2025 में संजीव अरोड़ा को पहली बार कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल किया गया था। उसी दौरान कुलदीप सिंह धालीवाल को मंत्रिमंडल से हटाया गया था और उनका एनआरआई विभाग संजीव अरोड़ा को सौंपा गया था। उस समय इस फेरबदल को सरकार की कार्यशैली में सुधार की दिशा में उठाया गया कदम बताया गया था।
ये भी देखें :- Udhampur ARTO में फीस विवाद, ट्रांसपोर्टरों का प्रदर्शन
फेरबदल की वजह क्या है?
राजनीतिक हलकों में इन ताज़ा बदलावों को मंत्रियों के प्रदर्शन और हालिया उपचुनावों के नतीजों से जोड़कर देखा जा रहा है। पहले उद्योग और वाणिज्य विभाग तरुणप्रीत सिंह सोढ़ी के पास था, जिसे बाद में संजीव अरोड़ा को सौंप दिया गया। इसके बदले सोढ़ी को पर्यटन, संस्कृति, श्रम और पंचायत जैसे अहम विभाग दिए गए थे।
मंत्रिमंडल में लगातार बदलाव
2022 में सरकार गठन के बाद से ही मंत्रिमंडल विस्तार और विभागीय फेरबदल का सिलसिला जारी है। अब तक 4 से 5 मंत्रियों को मंत्रिमंडल से हटाकर नए चेहरों को मौका दिया जा चुका है, ताकि सरकार में संतुलन बना रहे और प्रशासन में नई ऊर्जा लाई जा सके।
2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बदलाव 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन और सरकार को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है। राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने मंत्रिमंडल में किए गए इन सभी बदलावों को अपनी स्वीकृति दे दी है।
ये भी पढ़ें :- जम्मू-कश्मीर: कठुआ में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू, सुरक्षाकर्मी घायल