Punjab Congress: पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के पार्टी हाईकमान द्वारा स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी करने वाले बयान पर आम आदमी पार्टी ने तीखा हमला बोला है। आप नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में शुरू से ही हाईकमान का कल्चर रहा है, लेकिन उसके नेता आम आदमी पार्टी पर दिल्ली से पार्टी चलने के झूठे आरोप लगाते रहते हैं। लेकिन आज यह साबित हो गया है कि दिल्ली से कौन पार्टी चल रही है।
आप नेताओं ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या पंजाब कांग्रेस के प्रधान को इतनी भी आजादी नहीं है कि वह अपना स्टार प्रचारक नियुक्त कर सके? उन्होंने कहा कि दरअसल पंजाब कांग्रेस इटली और दिल्ली के इंदिरा भवन की कठपुतली है। मंत्री लालजीत भुल्लर ने कहा कि कल्पना कीजिए कि आप पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष हैं और लुधियाना पश्चिम में आपके उम्मीदवार के लिए कौन प्रचार करेगा, इस पर आपका कोई नियंत्रण नहीं है।
राजा वड़िंग ने यही बात स्वीकार की है कि स्टार प्रचारकों की सूची हाई कमान द्वारा तय की गई थी। वरिंदर गोयल ने कहा कि राजा वड़िंग ने कहा है कि लुधियाना पश्चिम चुनाव प्रचार के लिए प्रचारकों की सूची दिल्ली हाईकमान ने जारी की है। क्या दिल्ली वाले राजा वड़िंग को कठपुतली की तरह नचा रहे हैं?
डा. बलबीर सिंह ने कहा कि कांग्रेस आम आदमी पार्टी पर एकजुट होकर काम करने के लिए हस्तक्षेप करने का आरोप लगाती है, लेकिन अब उनके हाईकमान ने प्रचारकों की सूची तय की है। क्या वे खुद अपने प्रचारक नहीं चुन सकते।
कुलदीप धालीवाल ने कहा कि कांग्रेस इसे हस्तक्षेप कहती है, जब आप नेता एक टीम के रूप में मिलकर काम करते हैं, लेकिन पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष राजा वड़िंग ने खुलेआम स्वीकार किया कि उनके स्टार प्रचारकों को हाईकमान द्वारा चुना जाता है क्योंकि वह खुद तय नहीं कर सकते।
डा. रवजोत ने कहा कि जब आप के मंत्री एक टीम के रूप में अपने कार्यो का समन्वय करते हैं, तो कांग्रेस इसे दिल्ली का हस्तक्षेप कहती है। लेकिन पंजाब कांग्रेस की मंजूरी के बिना उसके हाईकमान ने स्टार प्रचारकों की सूची घोषित कर दी।
मोहिंदर भगत ने कहा कि जब पूरी आम आदमी पार्टी एक टीम के रूप में मिलकर काम करती है तो वे उसे हस्तक्षेप कहते हैं, लेकिन जब कांग्रेस आंख मूंदकर हाईकमान संस्कृति अपना लेती है तो उसे अनुशासन कहते हैं।

