Site icon Dainik Savera Times

वोटर लिस्ट विवाद पर पंजाब कांग्रेस का प्रदर्शन, CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग

Punjab Congress Protests Over Electoral Roll Revision : लुधियाना। चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर पंजाब कांग्रेस ने लुधियाना में विरोध प्रदर्शन किया। टिब्बा-ताजपुर रोड चौराहे पर हुए प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक संजय तलवार ने किया।

कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और उनके खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग उठाई। यह मांग ऐसे समय में सामने आई है जब SIR के दौरान 13 करोड़ से अधिक नाम ड्राफ्ट मतदाता सूचियों से हटाए जाने और चुनाव आयोग के भीतर दर्ज आपत्तियों को लेकर राजनीतिक विवाद जारी है।

इस मांग के समर्थन में सोमवार को टिब्बा-ताजपुर रोड चौराहे पर एक विरोध प्रदर्शन किया गया, जिसमें पुतला भी जलाया गया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) के अध्यक्ष और पूर्व विधायक संजय तलवार ने किया। इस मौके पर बोलते हुए संजय तलवार ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त के नेतृत्व में चुनावी प्रक्रिया को कमजोर किया गया है।

उन्होंने दावा किया कि वोटर लिस्ट से 13.8 करोड़ लोगों के नाम हटा दिए गए हैं, जो उनके अनुसार देश के कुल वोटरों का लगभग 15 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि वोट देने का अधिकार लोकतंत्र की नींव है और वोटरों को अपने नाम हटाए जाने के मामले में अपनी बात रखने का उचित मौका मिलना चाहिए। तलवार ने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने से चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं।

उन्होंने यह भी दावा किया कि चुनाव आयोग के कामकाज पर खुद आयोग के भीतर से ही सवाल उठाए गए हैं, और दो चुनाव आयुक्तों ने इस पर आपत्ति जताई है। कांग्रेस नेता ने चुनाव आयोग के कामकाज की जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि इन कथित कार्यों से ‘सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार’ के संवैधानिक सिद्धांत और चुनावी प्रक्रिया में जनता के भरोसे को लेकर चिंताएं पैदा होती हैं। तलवार ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से इस मामले में दखल देने और मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने, FIR दर्ज करने और जांच के आदेश देने की अपील की।

Exit mobile version