Site icon Dainik Savera Times

पंजाब कांग्रेस एससी विभाग ने की सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा, सरकार को दो दिन का अल्टीमेटम

अमृतसर: पंजाब कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग ने बरनाला में प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर हुए बर्बर लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की है। विभाग ने इसे दलित सफाई कर्मचारियों की गरिमा, संवैधानिक अधिकारों और आत्मसम्मान पर सीधा हमला बताया। विभाग का आरोप है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के आदेश पर पंजाब पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर बेरहमी से लाठीचार्ज किया, जिसमें कई कर्मचारी घायल हो गए।

विभाग ने लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार सभी पुलिस अधिकारियों को तुरंत निलंबित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। विभाग ने भगवंत मान सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि दो दिनों के भीतर दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो पंजाब प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग पूरे पंजाब में राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगा। विभाग ने यह भी घोषणा की कि सफाई कर्मचारियों के मानवाधिकारों और संवैधानिक अधिकारों के उल्लंघन के खिलाफ पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा।

विभाग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के दोहरे रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि दिल्ली में होने वाले कथित लाठीचार्ज पर वे तुरंत प्रतिक्रिया देते हैं, लेकिन पंजाब में दलित सफाई कर्मचारियों पर हुए बर्बर लाठीचार्ज पर पूरी तरह चुप हैं। विभाग ने पंजाब अनुसूचित जाति आयोग की चुप्पी पर भी सवाल उठाए और कहा कि आयोग को तुरंत हस्तक्षेप कर दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मामले दर्ज करवाने चाहिए तथा पीड़ित सफाई कर्मचारियों को न्याय दिलाना चाहिए।

इस संबंध में पंजाब कांग्रेस एससी विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक सुधीर चौधरी तथा पंजाब कांग्रेस एससी विभाग के चेयरमैन गुरप्रीत सिंह लक्की पाखो ने राज्य टीम के साथ कहा कि कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग सफाई कर्मचारियों और पंजाब के हर दलित कर्मचारी के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषी पुलिस अधिकारियों को बचाने की कोशिश की गई, तो पूरे पंजाब में बड़ा लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू किया जाएगा और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

Exit mobile version