Site icon Dainik Savera Times

Ludhiana Firing: लुधियाना में जीत का जश्न बना खूनी संघर्ष, AAP–कांग्रेस कार्यकर्ताओं में मारपीट और फायरिंग

Firing in ludhiana

Firing in ludhiana

पंजाब डेस्कः लुधियाना के गिल रोड स्थित बचित्तर नगर इलाके में ब्लॉक समिति चुनाव में जीत के जश्न के दौरान उस समय माहौल बेकाबू हो गया, जब आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। पहले दोनों पक्षों में पथराव हुआ और बाद में कांग्रेस के एक कार्यकर्ता द्वारा फायरिंग किए जाने की घटना सामने आई। इस दौरान महिलाएं और बच्चे भी मौके पर मौजूद थे।

घटना में घायल लोगों की पहचान

घटना उस समय हुई जब आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता जीत की खुशी में धन्यवाद रैली निकाल रहे थे। झड़प और फायरिंग में कुल पांच लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों की पहचान गुरमुख सिंह (65), रविन्द्र सिंह (44), गुरदीप सिंह (32), उदमवीर सिंह (25) और मनदीप सिंह (36) के रूप में हुई है। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घायल रविन्द्र सिंह ने आरोप लगाया कि रैली के दौरान कांग्रेस नेता जसबीर सिंह ने गाली-गलौज शुरू की, जिसके बाद वि वाद बढ़ गया। आरोप है कि पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पथराव किया और फिर 15 से 20 राउंड फायरिंग की गई, जिसमें कई लोगों के पैरों में गोलियां लगीं।

1.57 मिनट का वीडियो वायरल

इस घटना से जुड़ा 1.57 मिनट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों दलों के कार्यकर्ता एक-दूसरे को ललकारते हुए नजर आ रहे हैं। आम आदमी पार्टी के समर्थकों में एक व्यक्ति निहंग सिंह के बाणे में तलवार लिए दिखाई दे रहा है। दोनों पक्षों के हाथों में ईंट-पत्थर और डंडे देखे जा सकते हैं। वीडियो में पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से पथराव और बाद में AAP कार्यकर्ताओं की जवाबी कार्रवाई दिखाई देती है। इसी दौरान क्रीम रंग की जैकेट पहने एक व्यक्ति द्वारा फायरिंग करते हुए भी देखा गया है, जिसे कांग्रेस नेता जसबीर सिंह बताया जा रहा है। फायरिंग के दौरान एक गोली बुजुर्ग गुरमुख सिंह को लगी, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े। बाद में एक महिला उन्हें खींचकर सुरक्षित स्थान पर ले जाती हुई नजर आती है। वीडियो में 3 से 4 बार फायरिंग की आवाज भी सुनी जा सकती है।

मामले की जांच की जा रहीः एसएचओ

थाना सदर के एसएचओ इंस्पेक्टर जगदेव सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस की टीमें हर पहलू से जांच कर रही हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version