Punjab Election Result: पंजाब में ब्लॉक समिति और ज़िला परिषद के वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है।। चुनाव आयोग ने 23 ज़िलों में 151 काउंटिंग सेंटर बनाए हैं। इस प्रोसेस के दौरान 12,814 उम्मीदवारों की किस्मत का फ़ैसला होगा। बैलेट पेपर सुबह 8 बजे खुलने शुरू होंगे। काउंटिंग सेंटर पर वीडियोग्राफी की जाएगी। पुलिस सिक्योरिटी कड़ी रहेगी।
राज्य में ज़िला परिषद और ब्लॉक समिति चुनाव के लिए 14 दिसंबर को वोटिंग हुई थी। सभी पार्टियों ने अपने-अपने चुनाव निशानों पर ये चुनाव लड़े थे। कुल 48 परसेंट वोटिंग हुई थी। बूथ कैप्चरिंग और प्रिंटिंग की गलतियों की वजह से पांच ज़िलों के 16 बूथों पर वोटिंग कैंसिल कर दी गई थी। यह मामला इलेक्शन कमीशन के ध्यान में लाया गया और 16 दिसंबर को दोबारा वोटिंग कराई गई।
1 दिसंबर को हुआ था चुनावों का ऐलान
जिला परिषद और ब्लॉक समिति के चुनावों का ऐलान 1 दिसंबर को हुआ था। इसी दिन नॉमिनेशन शुरू हुए और 4 दिसंबर तक चले। 5 दिसंबर को उम्मीदवारों की स्क्रूटनी हुई। कमीशन ने नॉमिनेशन वापस लेने की आखिरी तारीख 6 दिसंबर तय की थी।
इतने नॉमिनेशन हुए थे रिजेक्ट
जिला परिषद चुनावों के लिए राज्य के 23 जिलों में 1,865 उम्मीदवारों ने नॉमिनेशन फाइल किए थे। स्क्रूटनी के दौरान 140 नॉमिनेशन रिजेक्ट हुए, जबकि 1,725 वैलिड पाए गए। दूसरी तरफ, पंचायत समितियों के लिए कुल 12,354 नॉमिनेशन फाइल किए गए थे। स्क्रूटनी के दौरान 1,265 नॉमिनेशन रिजेक्ट हो गए, जिससे 11,089 बचे।
बिना विरोध के चुने गए 196 उम्मीदवार
जिला परिषद और ब्लॉक समितियों के लिए 196 उम्मीदवार बिना विरोध के चुने गए। इनमें से 15 जिला परिषद के लिए थे। तरनतारन में 12 और अमृतसर में तीन उम्मीदवार बिना विरोध के चुने गए। वहीं, ब्लॉक समितियों में 181 उम्मीदवार बिना विरोध के चुने गए। इनमें तरनतारन में 98, अमृतसर में 63, होशियारपुर में 17, मालेरकोटला में 2 और SBS नगर में 1 उम्मीदवार शामिल हैं। ये सभी आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े हैं।

